डेंगू-चिकनगुनिया से लेकर स्वाइन फ्लू तक… राजस्थान में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, इन इलाकों पर खास नजर

3
Rajasthan Dengue Alert

Rajasthan Dengue Alert:जयपुर। प्रदेश में डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया और स्वाइन फ्लू सहित मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने प्रभावित क्षेत्रों में सघन सर्वे और विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं।

शनिवार को स्वास्थ्य भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में मौसमी बीमारियों और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। राठौड़ ने पॉजिटिव मरीजों की 14 दिन तक निगरानी (Rajasthan Dengue Alert)और पूर्ण उपचार सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही रेपिड रेस्पॉन्स टीमों के साथ एंटीलार्वा, सोर्स रिडक्शन और अन्य रोकथाम गतिविधियों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

स्वाइन फ्लू प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष नजर

स्वाइन फ्लू से प्रभावित क्षेत्रों, खासकर कच्ची बस्तियों और कोचिंग हब वाले जिलों के हॉस्टलों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। अस्पतालों में दवाओं, जांच किट और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जरूरत के अनुसार आइसोलेशन वार्ड आरक्षित रखने को कहा गया।

मातृ मृत्यु की भी समीक्षा

बैठक में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं, डिलीवरी और मातृ मृत्यु के मामलों की समीक्षा हुई। चूरू में हुई एक मातृ मृत्यु के मामले में संबंधित जीएनएम के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मिशन निदेशक एनएचएम जोगाराम ने मीजल्स-रूबेला की दोनों डोज और एचपीवी वैक्सीनेशन का कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए। भरतपुर और बीकानेर जोन में एनीमिया प्रबंधन की धीमी प्रगति पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। नए चिकित्सा भवनों को जल्द शुरू करने और ट्रॉमा सेंटरों में उपकरण व मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here