945 ग्राम सोना, 1 किलो चांदी और ₹64 लाख कैश/बैलेंस! एसीबी की सर्च में सामने आई बड़ी संपत्ति

5
ACB Rajasthan

ACB Rajasthan: जयपुर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की ट्रैप कार्रवाई के बाद अजमेर में जारी तलाशी और अनुसंधान के दौरान बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और बैंक खातों में लाखों रुपये की राशि सामने आई है। यह कार्रवाई सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, (ACB Rajasthan)अजमेर के संयुक्त निदेशक श्री जयप्रकाश चारण के विरुद्ध 4 सितंबर को की गई ट्रैप कार्रवाई के क्रम में की गई।

जॉइंट लॉकर में मिले करोड़ों के आभूषण

एसीबी अजमेर इकाई ने अनुसंधान एवं सर्च कार्रवाई के दौरान परिवारजनों के संयुक्त नाम से बैंक, अजमेर में स्थित एक जॉइंट लॉकर की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी में करीब 945 ग्राम सोने और 1 किलोग्राम चांदी के आभूषण पाए गए।

एसीबी के अनुसार, बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 46 लाख 43 हजार रुपये आंकी गई है। अब इन आभूषणों के स्वामित्व, स्रोत और आय के ज्ञात स्रोतों से संबंध की जांच की जा रही है।

9 बैंक खातों में 64 लाख से ज्यादा

तलाशी के दौरान जयप्रकाश चारण और उनके परिजनों से संबंधित दो बैंकों में संचालित कुल 9 बैंक खातों की भी जांच की गई। इन खातों में कुल 64 लाख 26 हजार 780 रुपये की राशि शेष पाई गई।

एसीबी ने बताया कि बैंक खातों में उपलब्ध राशि और लॉकर में मिले आभूषणों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज एवं अभिलेख जुटाए जा रहे हैं। जांच का मुख्य फोकस इन संपत्तियों और राशि के वास्तविक स्रोत तथा संबंधित आय से उनके संबंध पर है।

आगे भी जारी रहेगा अनुसंधान

यह सर्च कार्रवाई डॉ. रामेश्वर सिंह, उप महानिरीक्षक पुलिस, एसीबी के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में श्री राजवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसीबी अजमेर और श्रीमती मीरां बेनीवाल, पुलिस निरीक्षक, एसीबी अजमेर शामिल रहे।

एसीबी के अनुसार, मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत अग्रिम अनुसंधान और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है। बरामद आभूषणों और बैंक खातों में मिली राशि के संबंध में अंतिम स्थिति दस्तावेजों की जांच और अनुसंधान पूरा होने के बाद स्पष्ट होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here