मां की हत्या के आरोप में जेल में बंद आयुषी को हाईकोर्ट से बड़ा झटका, जमानत याचिका खारिज

6
Jaipur Murder Case

Jaipur Murder Case: जयपुर। राजधानी जयपुर के बहुचर्चित नीरज शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी आयुषी को राजस्थान हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। हाईकोर्ट की जयपुर पीठ ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने माना कि मामले में अब तक सामने आए साक्ष्यों और जांच की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस स्तर पर जमानत देने का पर्याप्त आधार नहीं है। (Jaipur Murder Case)आदेश के बाद आयुषी को फिलहाल न्यायिक हिरासत में ही रहना होगा।

हाईकोर्ट ने क्यों नहीं दी जमानत?

हाईकोर्ट ने यह भी माना कि इस मामले का एक अन्य आरोपी आयुषी के चाचा का बेटा बलराम उर्फ रवि अभी तक फरार है। ऐसे में जांच पूरी नहीं हुई है। यदि इस चरण पर आरोपी को जमानत दी जाती है तो जांच प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

आयुषी के वकील ने कोर्ट में क्या कहा?

सुनवाई के दौरान आयुषी की ओर से उसके अधिवक्ताओं ने अदालत में दलील दी कि उसे परिवार के दबाव में झूठा फंसाया गया है। बचाव पक्ष का कहना था कि उससे किसी प्रकार की बरामदगी नहीं हुई है और न ही आगे कोई बरामदगी बाकी है। साथ ही उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है।

बचाव पक्ष ने बीमार भाई का दिया हवाला

बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि परिवार में अब केवल आयुषी और उसका छोटा भाई ही हैं। भाई गंभीर बीमारी से पीड़ित है और उसकी देखभाल के लिए आयुषी की जरूरत है। इसके अलावा मुकदमे की सुनवाई पूरी होने में लंबा समय लग सकता है, इसलिए जमानत दी जानी चाहिए।

सरकारी वकील ने बलराम का उठाया मुद्दा

वहीं सरकारी पक्ष और परिवादी के वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि जांच में सामने आया है कि नीरज शर्मा की हत्या संपत्ति और अनुकंपा नियुक्ति हासिल करने की कथित साजिश के तहत की गई। ऐसे गंभीर मामले में आरोपी को जमानत देना उचित नहीं होगा, विशेषकर तब जब एक सह-आरोपी अब भी फरार है।

जानिए पूरा मामला?

गौरतलब है कि 3 जुलाई को प्रताप नगर क्षेत्र में एलडीसी नीरज शर्मा की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से टक्कर लगने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन बाद में पुलिस जांच में मामला कथित हत्या की साजिश का निकला। पुलिस का दावा है कि हत्या की योजना बनाकर वारदात को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी। मामले में पुलिस अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here