Amritsar-Jammu Bullet Train: जम्मू-कश्मीर में हाई स्पीड रेल नेटवर्क की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) जल्द ही अमृतसर से जम्मू तक प्रस्तावित 240 किलोमीटर लंबे बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के लिए अंतिम सर्वे शुरू करने जा रहा है. यह परियोजना दिल्ली-अमृतसर बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का विस्तार मानी जा रही है,(Amritsar-Jammu Bullet Train) जिससे जम्मू-कश्मीर की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी. केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अमृतसर और जम्मू के बीच हाई स्पीड रेल कॉरिडोर (बुलेट ट्रेन) की योजना की पुष्टि की है, जो 240 किमी की दूरी को सिर्फ दो घंटे में पूरा करेगी,
आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी
कश्मीर तक वंदे भारत के बाद, अब रेल मंत्रालय ने अमृतसर से जम्मू के बीच हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर काम शुरू कर दिया है, जिसका मकसद यात्रा के समय को 4-5 घंटे से घटाकर सिर्फ 2 घंटे करना है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद अमृतसर से जम्मू का सफर, जो फिलहाल 4 से 5 घंटे में तय होता है, घटकर लगभग 2 घंटे रह जाएगा. इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी. देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर काम तेजी से चल रहा है और इसके अगले साल अगस्त तक शुरू होने की संभावना जताई जा रही है.
हाई स्पीड रेल परियोजना से
कॉरिडोर के सर्वे और मैपिंग के लिए अत्याधुनिक LIDAR तकनीक, ड्रोन सर्वे और एरियल मैपिंग का इस्तेमाल किया जाएगा. परियोजना के तहत ट्रैक को 350 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार के हिसाब से तैयार किया जाएगा, जबकि बुलेट ट्रेन की संचालन गति 250 से 320 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी. इस हाई स्पीड रेल परियोजना से जम्मू-कश्मीर के पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्रा को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है. खास तौर पर माता वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा और भी आसान और तेज हो जाएगी.






































































