Air Travel Shock IndiGo के टिकट ₹10,000 तक महंगे, यात्रियों की जेब पर असर

9
IndiGo Fare Hike

IndiGo Fare Hike: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने बुधवार को कहा कि वह विमान ईंधन की कीमतों में वृद्धि के बाद दो अप्रैल से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 275 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक का संशोधित ईंधन शुल्क लगाना शुरू करेगी। ईंधन शुल्क में इस बढ़ोतरी से विभिन्न घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के हवाई किराए बढ़ने तय हैं।

एयरलाइन की यह घोषणा उस दिन आई है, जब विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में संशोधन किया गया और सरकार ने घरेलू उड़ानों के लिए कीमतों में 25 प्रतिशत की (IndiGo Fare Hike)आंशिक बढ़ोतरी का फैसला किया। पश्चिम एशिया संकट के कारण ईंधन की कीमतों में आए उछाल के मद्देनजर एयरलाइन 14 मार्च से ही घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकटों पर 425 रुपये से 2,300 रुपये तक का ईंधन शुल्क वसूल रही है। घरेलू उड़ानों के लिए दूरी के आधार पर संशोधित ईंधन शुल्क 275 रुपये से 950 रुपये के बीच होगा। इस समय एयरलाइन घरेलू टिकटों पर एक समान ईंधन शुल्क लेती है।

ईंधन शुल्क 900 रुपये से लेकर 10,000 रुपये

कंपनी ने एक बयान में कहा, ”इंडिगो ने अलग-अलग यात्रा दूरियों के हिसाब से अपने घरेलू ईंधन शुल्क को फिर से निर्धारित किया है।” अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मामले में, दूरी के आधार पर ईंधन शुल्क 900 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक होगा। बयान में कहा गया, ”अंतरराष्ट्रीय परिचालन के लिए पिछले महीने में एटीएफ की कीमतें दोगुनी से अधिक हो गई हैं, जिसके चलते इन मार्गों पर एयरलाइन की परिचालन लागत पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा है।” ये संशोधित शुल्क दो अप्रैल को रात 00:01 बजे से लागू होंगे।

इंडिगो ने कहा, ”ईंधन की कीमतों में हुई वृद्धि की पूरी भरपाई के लिए किराए में भारी संशोधन की आवश्यकता थी, लेकिन ग्राहकों पर पड़ने वाले बोझ को ध्यान में रखते हुए इंडिगो ने इसका छोटा हिस्सा ही उन पर डाला है।” एयरलाइन ने ईंधन शुल्क के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा पर खेद भी जताया है। एयरलाइन ने समय पर हस्तक्षेप के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि इसके बिना ईंधन की बढ़ती लागत के कारण घरेलू हवाई यात्रा गंभीर रूप से प्रभावित होती।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here