West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां फालटा विधानसभा क्षेत्र में फिर से सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग की जाएगी. यानी 4 मई को राज्य की फालटा सीट को छोड़कर बाकी सभी 293 सीटों पर चुनाव नतीजे घोषित किए जाएंगे. (West Bengal Election 2026)वहीं, फालटा विधानसभा का चुनावी परिणाम अब 24 मई को आएगा. फालटा सीट पर धांधली का भी आरोप लगा था. यहां तक कि ईवीएम पर टेप चिपकाने का दावा भी किया गया था.
चुनाव आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि सभी 285 मतदान केंद्रों समेत सहायक मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराया जाएगा. सभी मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच कराया जाएगा. वोटों की गिनती 24 मई 2026 को होगी. चुनाव आयोग ने यह कार्रवाई इसलिए की है, क्योंकि इस विधानसभा के मतदान केंद्रों पर गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने के मामले सामने आए थे.
चुनाव चिन्ह को टेप से ढंक दिया था
29 अप्रैल को फालटा में वोटिंग चल रही थी. तब फालटा से चौंकाने वाली खबर आई थी. इस विधानसभा सीट पर बीजेपी ने आरोप लगाया था कि कुछ बूथ पर ईवीएम पर बीजेपी के चुनाव चिन्ह कमल छाप को टेप से ढक दिया गया. इस पूरे मामले पर चुनाव आयोग से अविलंब हस्तक्षेप की मांग की गई थी.





































































