युद्ध के बीच यूक्रेन में बदलेगा पोर्नोग्राफी कानून! सरकार को हर साल मिलेंगे 236 करोड़

4
Ukraine Adult Content Tax:

Ukraine Adult Content Tax:कीव। रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन सरकार देश में चल रहे एडल्ट कंटेंट कारोबार को कानूनी दायरे में लाने और उस पर टैक्स लगाने की तैयारी कर रही है। ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इससे सरकार को हर साल करीब 2.5 करोड़ डॉलर (Ukraine Adult Content Tax:)यानी लगभग 236 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हो सकती है। एक यूक्रेनी सांसद के मुताबिक, इस रकम से करीब 30 हजार ड्रोन खरीदे जा सकते हैं।

सिर्फ टैक्स नहीं, भ्रष्टाचार रोकने का भी तर्क

यूक्रेन में पोर्नोग्राफी को फिलहाल पूरी तरह कानूनी दर्जा हासिल नहीं है। प्रस्ताव के समर्थकों का कहना है कि कारोबार को कानूनी दायरे में लाने का उद्देश्य केवल सरकारी राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि इससे जुड़े भ्रष्टाचार और अधिकारियों के दबाव को कम करना भी है।

उनका तर्क है कि स्पष्ट कानूनी व्यवस्था बनने के बाद पुलिस को एडल्ट कंटेंट से जुड़े मामलों के बजाय गंभीर अपराधों पर ज्यादा ध्यान देने का अवसर मिलेगा। फिलहाल कानूनी कार्रवाई के डर से इस कारोबार का बड़ा हिस्सा छिपकर संचालित होता है।

यूक्रेन की संसद ने जुलाई में संबंधित विधेयक को पहली रीडिंग में मंजूरी दी थी। इसके पक्ष में 231 सांसदों ने वोट किया, जबकि 8 ने विरोध किया और 3 सांसद मतदान से दूर रहे। अब बिल को दूसरी रीडिंग के लिए पेश किया जाना है।

OnlyFans पर हजारों यूक्रेनी क्रिएटर्स

यूक्रेन में ऑनलाइन एडल्ट कंटेंट का कारोबार तेजी से बढ़ा है। खास तौर पर OnlyFans जैसे प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में यूक्रेनी क्रिएटर्स सक्रिय हैं।

‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ के अनुसार, 2023 में करीब 8 हजार यूक्रेनियों ने OnlyFans से 13.1 करोड़ डॉलर यानी लगभग 1,237 करोड़ रुपये से अधिक कमाए। यह आंकड़ा केवल OnlyFans की कमाई का है और पूरे एडल्ट-कंटेंट कारोबार को शामिल नहीं करता।

मौजूदा कानून के कारण क्रिएटर्स के लिए अपनी आय घोषित कर उस पर टैक्स देना भी मुश्किल है। कमाई घोषित करने पर उनकी पहचान सामने आने और पोर्नोग्राफी कानून के तहत कार्रवाई का खतरा रहता है।

टैक्स देने वालों को भी जांच का सामना

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ क्रिएटर्स ने अपनी कमाई घोषित कर टैक्स चुकाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें टैक्स संबंधी जांच के साथ पोर्नोग्राफी कानून के तहत भी कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

बिल के समर्थकों का कहना है कि जब यह कारोबार बड़े स्तर पर पहले से मौजूद है, तो इसे नियंत्रित नियमों के तहत लाकर टैक्स वसूला जाना ज्यादा प्रभावी होगा।

इसके अलावा, कारोबार को अवैध बनाए रखने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलने का भी दावा किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन के तीन क्षेत्रों में अधिकारियों पर एडल्ट कंटेंट कारोबार से जुड़े लोगों से रिश्वत लेने के आरोप सामने आए हैं।

क्रिएटर ने 9 लाख डॉलर टैक्स देने का दावा किया

रिपोर्ट में एडल्ट कंटेंट क्रिएटर स्वितलाना द्वोर्निकोवा का भी उल्लेख है। उनका दावा है कि वह अब तक करीब 9 लाख डॉलर यानी लगभग 8.5 करोड़ रुपये टैक्स चुका चुकी हैं।

द्वोर्निकोवा का कहना है कि यदि सरकार इस कारोबार को कानूनी मान्यता देकर व्यवस्थित तरीके से टैक्स वसूलती है, तो युद्ध के दौरान अतिरिक्त राजस्व जुटाया जा सकता है। उनके मुताबिक, इस रकम का इस्तेमाल ड्रोन और अन्य सैन्य उपकरणों की खरीद में किया जा सकता है।

द्वोर्निकोवा पहले भी एडल्ट कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का मुद्दा उठा चुकी हैं। उन्होंने इस संबंध में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की वेबसाइट पर एक याचिका भी दायर की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here