पानी, बिजली, सड़क और रोजगार पर बड़ा ऐलान, उदयपुर में CM भजनलाल ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

6
Bhajanlal Sharma

Bhajanlal Sharma: उदयपुर/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को उदयपुर नगर निगम सभागार में 421 करोड़ रुपये की लागत से 457 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राजस्थान के समग्र विकास के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है, जिसके तहत जल, बिजली, सड़क, उद्योग, रोजगार और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है।

जल परियोजनाओं से मिलेगा बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है, जिससे आमजन, किसानों और उद्योगों को पर्याप्त जल उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शेखावाटी क्षेत्र के लिए यमुना जल समझौता संभव हुआ है, जबकि उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए देवास परियोजना को भी गति दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में 2.24 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए हैं। वर्ष 2027 तक सभी जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। वर्तमान में 26 जिलों में यह सुविधा शुरू हो चुकी है। रोजगार के मोर्चे पर सरकार अब तक 1.78 लाख से अधिक नियुक्तियां दे चुकी है, जबकि 1.32 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है।

उदयपुर को स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे की सौगात

मुख्यमंत्री ने उदयपुर जिले में 47 करोड़ रुपये से अधिक की 21 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें आरएनटी मेडिकल कॉलेज में आधुनिक कैथ लैब, 75 बेड का बुजुर्ग पुनर्वास गृह, कन्या महाविद्यालय भवन, छात्रावास, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाइयों सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने 373 करोड़ रुपये से अधिक की 436 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें महाराणा भूपाल चिकित्सालय में मातृ एवं शिशु विंग, आधुनिक सीवरेज सिस्टम, जिला चिकित्सालय भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, छात्रावास, सर्विस रोड और बनास नदी पर सबमर्सिबल पुलिया जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

सड़क, कृषि और ग्रामीण विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक 49 हजार किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क विकसित किया है और हजारों गांवों को पहली बार डामर सड़क से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि कृषि प्रसंस्करण इकाइयों, सहकारिता और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसानों की आय बढ़े और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here