33.25 लाख कैश, 30 लाख का जिम सामान और साइबर ठगी! टोंक पुलिस ने एक साथ खोले अपराध के कई राज

5
Tonk crime news

Tonk crime news: जयपुर। टोंक जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में पुलिस ने जुआ-सट्टा, चोरी-नकबजनी, मादक पदार्थ और साइबर अपराध के खिलाफ एक साथ कार्रवाई करते हुए छह अलग-अलग मामलों में कई (Tonk crime news)आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से लेकर साइबर ठगी और चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ।

 33.25 लाख रुपये बरामद

डीएसटी और निवाई थाना पुलिस ने ऑनलाइन जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजाराम गुर्जर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 33 लाख 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। जांच में करीब 5 लाख रुपये की ऑनलाइन सट्टा मास्टर आईडी की लाइनें भी मिलीं। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन जब्त कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच शुरू कर दी है।

मोग्या-कछुआ गैंग से जुड़े आरोपी गिरफ्तार

निवाई पुलिस ने शोभाग उर्फ नाथर मोग्या और नरेन्द्र मोग्या को गिरफ्तार कर करीब एक दर्जन चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी सुनसान मकानों, ट्यूबवेल और सोलर प्लांटों की रैकी कर चोरी करते थे। उनके कब्जे से सोलर प्लांट से चोरी की गई डीसी वायर केबल बरामद हुई।

दत्तवास थाना पुलिस ने करीब 30 लाख रुपये के जिम उपकरणों से भरे ईचर ट्रक चोरी के मामले में मुख्य आरोपी कुंवर सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया। पुलिस ने टोल टैक्स फुटेज और तकनीकी संसाधनों की मदद से ट्रक का करीब 450 किलोमीटर पीछा किया। जांच में सामने आया कि वारदात का मुख्य आरोपी उसी ट्रक का ड्राइवर था।

गांजा और साइबर ठगी के मामलों में भी कार्रवाई

नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत पुलिस ने 1 किलो 232 ग्राम गांजा बरामद किया, हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं ऑपरेशन साइबर वॉर के तहत अंकित कुमार बैरवा को फर्जी SIM और बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अलीगढ़ थाना पुलिस ने मनीष कुमार मीणा को भी गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर 10 प्रतिशत कमीशन के बदले साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खाते में मंगवाता था। पुलिस के अनुसार उसके खातों में दो लाख रुपये से अधिक की संदिग्ध साइबर ठगी की राशि जमा होने की जानकारी सामने आई है। सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here