12 करोड़ की चोरी, 7 किलो सोना बरामद! आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़े ‘नेपाल के बंटी-बबली

11
Telangana Gold Theft

Telangana Gold Theft: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में थाना बिलासपुर पुलिस, एसओजी तथा तेलंगाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतररज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नेपाल के रहने वाले पति-पत्नी और उनकी साली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लगभग 12 करोड़ रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपियों पर तेलंगाना में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।

आरोपी नेपाली गिरोह

पुलिस अधीक्षक रामपुर सोमेंद्र मीणा ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि तेलंगाना के साइबराबाद कमिश्नरेट के थाना गची बाऊली में दर्ज मुकदमा संख्या 1028/2026, धारा 3(5) सहपठित धारा 331(3) एवं 306 बीएनएस के तहत वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। उन्होंने बताया कि थाना बिलासपुर पुलिस, एसओजी रामपुर तथा तेलंगाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान डिबडिबा क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज के पास से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नेपाल निवासी कमल पुत्र जयनन्दा, उसकी पत्नी विमला तथा कल्पना के रूप में हुई है।

कमल की साली…

पुलिस के अनुसार कल्पना, कमल की साली है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है, जिसमें लगभग 7 किलोग्राम सोने के आभूषण तथा करीब 1 किलोग्राम 500 ग्राम चांदी के जेवर शामिल हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 12 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने तेलंगाना राज्य में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था और उसके बाद फरार हो गए थे। तेलंगाना पुलिस की सूचना पर संयुक्त अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों तथा उनकी आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपए के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here