Excise Department Action: जयपुर। प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग ने व्यापक स्तर पर विशेष निरोधात्मक अभियान चला रखा है। 1 मई से शुरू हुए इस अभियान के तहत विभाग ने अब तक 5 लाख 19 हजार 144 लीटर वॉश नष्ट किया है। (Excise Department Action)अभियान के दौरान अवैध शराब से जुड़े 1936 मामले दर्ज किए गए तथा 863 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग की कार्रवाई में 18.56 लाख रुपये मूल्य की 6883 लीटर देशी मदिरा, 3 करोड़ 89 लाख 75 हजार रुपये मूल्य की 38,886 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा और 44 लाख 23 हजार रुपये मूल्य की 19,675 लीटर बीयर जब्त की गई। इसके अलावा 12,793 लीटर हथकड़ शराब भी बरामद हुई है।
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत प्रदेशभर में लगातार दबिश, नाकाबंदी और सघन गश्त की जा रही है। हाल ही में आयुक्त पद संभालने वाले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नमित मेहता ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और अवैध शराब से जुड़े मामलों में कमी दर्ज की जा रही है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश के सभी जिलों में विशेष टीमें सक्रिय हैं। अभियान में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और आबकारी निरोधक दल संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं।
आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है और आने वाले समय में भी कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।


































































