राजस्थान में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 1.10 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

5
Rajasthan Police

Rajasthan Police: जयपुर/बारां। राजस्थान पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत नशा माफियाओं की अवैध कमाई पर आर्थिक चोट की है। बारां पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत तस्कर विशाल सांसी, उसके पिता बलवीर (Rajasthan Police)उर्फ बल्लू सांसी और सहयोगियों की करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये की चल-अचल संपत्तियों को स्थायी रूप से फ्रीज कर दिया है।

अब नहीं बेच सकेंगे संपत्ति

इस कार्रवाई के बाद आरोपी अपनी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों का उपयोग, विक्रय या हस्तांतरण नहीं कर सकेंगे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम किया जा रहा है।

पहले भी पकड़ा गया था गांजा

पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल सांसी और उसके पिता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 7 मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला वाणिज्यिक मात्रा का भी है। पूर्व कार्रवाई में उनके कब्जे से 24 किलो 308 ग्राम गांजा बरामद किया गया था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 48.61 लाख रुपये आंकी गई थी।

बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन

आर्थिक जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की वैध आय बेहद सीमित मिली, जबकि पिछले एक साल में उनके खातों में करीब 30 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया। इसके बाद छबड़ा थाना पुलिस ने सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली के समक्ष परिवाद प्रस्तुत किया।

जमीन, कार और वाहन जब्त

करीब दो माह की न्यायिक प्रक्रिया के बाद प्राधिकारी ने पुलिस कार्रवाई को वैध मानते हुए एक जमीन/मकान, एक कार, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को स्थायी रूप से फ्रीज करने के आदेश दिए। पुलिस ने भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here