‘राहुल गांधी भागो मत…’, बेढ़म का तंज, बोले- गृहमंत्री जवाब देने को तैयार फिर सदन से क्यों दूर?

4
Political News

Political News: जयपुर। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वे युवाओं और देश की जनता को (Political News)भ्रमित करने के लिए लगातार भ्रामक बयान दे रहे हैं। बेढ़म ने कहा कि जब विपक्ष की मांग पर केंद्रीय गृह मंत्री संसद में जवाब देने के लिए तैयार हैं, तो राहुल गांधी सदन में अपनी बात रखने से क्यों बच रहे हैं?

‘संसद में आकर जवाब मांगें राहुल गांधी’

भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बेढ़म ने कहा कि कांग्रेस लगातार संसद की कार्यवाही बाधित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी, उस पर संसदीय कार्य मंत्री स्पष्ट कर चुके हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री सदन में जवाब देंगे।

बेढ़म ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें संसद के बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस और धरना-प्रदर्शन करने के बजाय सदन में आकर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठ रहा है कि ‘राहुल गांधी भागो मत, गृहमंत्री जवाब देंगे।’

झारखंड के मुद्दे पर भी घेरा

गृह राज्य मंत्री ने राहुल गांधी से झारखंड में छात्रों से जुड़े मुद्दों पर भी अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि जब वहां छात्र अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब राहुल गांधी कहां थे और उन्होंने संबंधित मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग क्यों नहीं की?

बेढ़म ने राहुल गांधी के उन आरोपों को भी खारिज किया, जिनमें जंतर-मंतर पर छात्रों पर गोली चलाए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने दावा किया कि छात्रों पर गोली नहीं चलाई गई और कांग्रेस ने इसके बावजूद गलत जानकारी फैलाने का प्रयास किया।

‘युवाओं को गुमराह करना बंद करे कांग्रेस’

बेढ़म ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों के हितों के लिए काम कर रही है। पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कार्रवाई का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी से कहा कि यदि उनके पास कोई मुद्दा है तो उसे संसद में उठाएं और तथ्यों के साथ अपनी बात रखें। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण मीणा और प्रदेश प्रवक्ता पंकज मीणा भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here