जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम जयपुर के मालवीय नगर जोन क्षेत्र के वार्ड संख्या 86 स्थित महेश नगर सब्जी मंडी में “प्लास्टिक मुक्त अभियान” के तहत व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम डिज़ायर फाउंडेशन एवं सेंटर फॉर कम्युनिटी रेजिलिएंस एंड एडवोकेसी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्राहकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान और इसके विकल्पों के बारे में जागरूक किया गया। डिज़ायर फाउंडेशन द्वारा स्थापित सौर ऊर्जा संचालित क्लॉथ वेंडिंग मशीन की जानकारी देते हुए बताया गया कि नागरिक मात्र 5 रुपये में कपड़े का थैला प्राप्त कर सकते हैं, जो लगभग 7 किलोग्राम तक भार वहन करने में सक्षम है।
अभियान के दौरान व्यापारियों से प्लास्टिक थैलियों का उपयोग बंद करने और ग्राहकों को कपड़े या जूट के थैले अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। वहीं आमजन से घर से ही कपड़े का थैला लेकर बाजार आने का आग्रह किया गया।
पर्यावरण संरक्षण से
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर आधारित इस नाटक ने लोगों को प्रभावी संदेश दिया। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप टी-शर्ट वितरित की गई।

इस अवसर पर डिज़ायर फाउंडेशन की निदेशक रुचि खंडेलवाल, महेश नगर मार्केट अध्यक्ष प्रकाश चंद अग्रवाल, महामंत्री शिव शंकर शर्मा, सेंटर फॉर कम्युनिटी रेजिलिएंस एंड एडवोकेसी फाउंडेशन के निदेशक डॉ. गणेश नारायण चौधरी, प्रोजेक्ट समन्वयक श्रीमती अनामिका, डिज़ायर फाउंडेशन से योगेश शर्मा, नगर निगम जयपुर की PIU टीम से मिस अंजू (ICE एक्सपर्ट) तथा अर्जुन (इंचार्ज) सहित अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने हस्ताक्षर कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को रोकने और स्वच्छ एवं हरित जयपुर के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। नगर निगम जयपुर एवं डिज़ायर फाउंडेशन ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।




































































