Monsoon 2025: दिल्ली और एनसीआर में हुई हालिया बारिश से लोगों को तेज़ गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, (Monsoon 2025)जिससे सुबह और शाम का मौसम सुहावना हो गया है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली का मौसम आज कैसा रहेगा?
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शाम के समय तेज हवाएं चल सकती हैं, जो उमस को खत्म करेंगी।
उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है और कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रयागराज समेत 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर और आसपास के इलाके शामिल हैं, जहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं अन्य जिलों में जैसे वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, कानपुर, आगरा, झांसी, ललितपुर आदि में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार में भी मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
राजस्थान के कई जिलों में भी बारिश का अलर्ट
राजस्थान में भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। उदयपुर और कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी और कहीं-कहीं अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा है। देश के कई हिस्सों में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम में राहत का दौर जारी है।