CM Bhajan Lal Sharma: जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां एपिसोड रविवार को राजस्थान में भी खास चर्चा का विषय रहा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ कार्यक्रम सुना। प्रधानमंत्री के संदेश में महिला सशक्तीकरण, (CM Bhajan Lal Sharma)युवाओं को नशे से दूर रखने, नवाचार और स्वच्छता जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने राजस्थान में महिलाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं को भी रेखांकित किया।

PM मोदी बोले- छोटा आइडिया ला सकता है बड़ा बदलाव
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से अपने विचारों और नवाचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का छोटा सा विचार भी समाज और देश में बड़े बदलाव की वजह बन सकता है। युवाओं को अपनी प्रतिभा और सोच का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने नशामुक्त भारत की दिशा में युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान में युवाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक संकेत बताते हुए प्रधानमंत्री ने युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने की अपील की।
महिला सशक्तीकरण की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के करीब 46 प्रतिशत, यानी 35 लाख से अधिक लाभार्थी महिलाएं हैं। ये महिलाएं छोटे कारोबार को आगे बढ़ाकर बड़े व्यवसाय में बदलने की दिशा में काम कर रही हैं।

महिलाओं को मजबूत किए बिना विकसित राजस्थान नहीं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण जरूरी है। उन्होंने केंद्र की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जन-धन, उज्ज्वला, पीएम आवास और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार ने पिछले तीन बजट तैयार करने से पहले विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं से रायशुमारी की और उनके सुझावों को बजट में शामिल किया।
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मेधावी छात्राओं को साइकिल और स्कूटी वितरित किए जाने की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं के लिए ‘मा योजना’ के तहत निशुल्क जांच और सोनोग्राफी जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया।इसके अलावा राजीविका के माध्यम से महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक विकास, आशा सहयोगिनियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी तथा बैंक सखी और पशु सखी जैसी पहलों को भी रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

































































