Jaipur News: जयपुर। सेंटर फॉर कम्युनिटी रेजिलिएंस एंड एडवोकेसी फाउंडेशन (CCRF) द्वारा ओमाश्रय सेवाधाम, जयपुर में “भजन एवं काउंसलिंग संगम” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आश्रम में निवासरत प्रभुजनों (survivors) के समग्र विकास, विशेषकर उनके मनोसामाजिक सुदृढ़ीकरण, भावनात्मक स्थिरता एवं आध्यात्मिक उन्नयन के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
उद्घाटन संबोधन में सराहना
कार्यक्रम का शुभारंभ सीसीआरएफ के निदेशक डॉ. गणेश नारायण चौधरी के उद्घाटन संबोधन से हुआ। उन्होंने ओमाश्रय सेवाधाम द्वारा परित्यक्त एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के पुनर्वास हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आध्यात्मिकता, परामर्श एवं सामुदायिक सहभागिता जैसे समेकित प्रयास प्रभुजनों के आत्मविश्वास निर्माण और पुनर्सामाजीकरण में बेहद प्रभावी हैं।
यज्ञ से बना सकारात्मक माहौल
ओमाश्रय सेवाधाम के संस्थापक यशपाल यश ने कहा कि ऐसे आयोजन जीवन में आशा और सकारात्मकता का संचार करते हैं। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक सहभागिता से यज्ञ (हवन) का आयोजन किया गया, जिसमें श्रीमती मधु यश मुख्य यजमान रहीं। इस यज्ञ ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा एवं मानसिक शांति से भर दिया।
कार्यक्रम में भजन गायक सुरेश गहलोत एवं उनकी टीम ने भक्ति संगीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं, नृत्य गुरु डॉ. राजेंद्र राव द्वारा प्रस्तुत लोकगीत ने कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। रेकी हीलर डॉ. अर्चना राठौड़ ने कृतज्ञता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जीवन में संतोष एवं संतुलन बनाए रखने के उपाय साझा किए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और आंतरिक शांति मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सीसीआरएफ के मुख्य सलाहकार दीपक अमेटा ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन की सफलता को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। कार्यक्रम का संचालन अनामिका चक्रवर्ती एवं आशीष वैष्णव द्वारा सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया गया।
इस दौरान संस्थान सचिव डॉ. प्रमोद पाल, पवन आर्य, श्रीमती वंदना आर्य, दीपांकर तथा मास्टर प्रणव यश द्वारा कलाकारों एवं नृत्य करते प्रभुजनों पर पुष्प वर्षा कर उत्साहवर्धन किया गया, जिससे वातावरण और अधिक भावनात्मक एवं आनंदमय बन गया।





































































