जयपुर में मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन! 100 किलो सड़ा पनीर पकड़ा, सप्लायर ने किए चौंकाने वाले खुलासे

8
Jaipur News

Jaipur News: जयपुर। राज्य सरकार के “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने रविवार को जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिक्री के लिए लाया जा रहा 100 किलोग्राम घटिया और बासी पनीर जब्त किया। (Jaipur News)खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान की आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा टीम ने डीएसटी और रामनगरिया थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए जगतपुरा में इस खेप को पकड़ा

पहले दूध से फैट निकाल

सीएमएचओ (जयपुर द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि पनीर का परिवहन कर रहे अमित शर्मा से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए। उसने स्वीकार किया कि वह अन्य जिलों में तैयार कराया गया पनीर जयपुर के विभिन्न डेयरी, फास्ट फूड सेंटर और ढाबों पर सप्लाई करता है। उसने बताया कि पनीर बनाने से पहले दूध से फैट निकाल लिया जाता है और बचे हुए निम्न गुणवत्ता वाले दूध से पनीर तैयार कराया जाता है। इस पनीर को करीब 240 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जाता है, जबकि मानक गुणवत्ता का एक किलो पनीर तैयार करने के लिए चार से पांच किलो फुल-फैट दूध की आवश्यकता होती है।

99 किलोग्राम पनीर को खट्टा

खाद्य सुरक्षा टीम ने जब्त पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नमूने लेने के बाद शेष करीब 99 किलोग्राम पनीर को खट्टा और बदबूदार पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, पनीर को बिना निर्धारित तापमान के साधारण पॉलीथिन में परिवहन किया जा रहा था, जिससे वह पूरी तरह खराब हो चुका था।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि राज्य सरकार के विशेष अभियान के तहत मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद थारवान और नंदकिशोर कुमावत सहित विभाग की टीम मौजूद रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here