मौसम बदलने वाला है! IMD ने जारी किया अलर्ट, जानिए आपके राज्य में क्या असर होगा

14
Western Disturbance

Western Disturbance: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर भारत में अगले 2-3 दिनों में मौसम में बदलाव देखा जा सकता है. इसके पीछे एक नया पश्चिमा विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है, जो खासकर पहाड़ों के मौसम को प्रभावित करेगा और इसका आंशिक असर मैदानी इलाकों तक भी पहुंच सकता है. तो आइए यहां जानते हैं आज (9 फरवरी) और आने वाले दिनों में देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल.

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी

आईएमडी का अनुमान है कि 9 से 11 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी. पहाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे ठंड और बढ़ेगी. घाटी और ऊंचे स्थानों पर तापमान अक्सर माइनस में रहने की संभावना है.

 बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश…

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों जैसे दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बादलों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन किसी बड़े एवं तीव्र मौसम परिवर्तन की चेतावनी नहीं दी गई है.

राज्यों के हिसाब से मौसम

दिल्ली-एनसीआर: दिल्ली-एनसीआर में 9 और 10 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. धूप और हल्की हवाओं के बीच तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान लगभग 11°C और अधिकतम 22-23°C के आसपास रहने की उम्मीद है.

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में सुबह-शाम सर्दी महसूस होगी, लेकिन दिन में तेज हवाएं धूप को असरदार बनाए रखेंगी, जिससे मौसम सुहावना लगेगा. तराई क्षेत्रों को छोड़कर मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा संभव है. राज्य में औसत न्यूनतम तापमान लगभग 10°C और अधिकतम लगभग 24°C तक पहुंच सकता है.

राजस्थान: राजस्थान में अगले 24 घंटे में मौसम थोड़ा बदल सकता है. बादलों की आवाजाही से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है. सुबह-शाम अधिक सर्दी अनुभव होगी, लेकिन दिन के समय मौसम सामान्य ठंडक के साथ रहेगा.

बिहार: बिहार में अगले 48 घंटे मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा. तेज हवाओं के कारण कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 1-2°C गिर सकता है, मगर दिन में धूप के कारण तापमान बढ़ता महसूस होगा. रात और सुबह कड़ाके की सर्दी और घना कोहरा रहने की संभावना है.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश: उत्तरी राज्यों के पहाड़ों में 11 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी बरकरार रहने के संकेत हैं. इससे पहाड़ी इलाकों में मौसम पूरी तरह खराब रहेगा और तापमान 5°C से नीचे, कई स्थानों पर माइनस में भी दर्ज हो सकता है.

जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के ऊंचे स्थानों और घाटी में 9 से 11 फरवरी तक बर्फबारी और बारिश का असर रहेगा. गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान और गिर सकता है और दिन में भी ठंड बनी रहेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here