CM Bhajanlal Sharma: भरतपुर। गुरु पूर्णिमा के मौके पर राजस्थान सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर जिले के खेड़ली गुर्जर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कक्षा 1 से 8 तक के 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में ट्रांसफर की। (CM Bhajanlal Sharma)इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तीकरण और आधारभूत विकास से जुड़े कई बड़े ऐलान किए।
बच्चों की पढ़ाई को मिलेगा नया सहारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और आसान शिक्षा उपलब्ध कराना है। निःशुल्क यूनिफॉर्म योजना के तहत ₹250 करोड़ की राशि जारी की गई है, जिससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ेगा और स्कूलों में सकारात्मक शैक्षणिक माहौल तैयार होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के तहत रीडिंग प्रमोशन कैंपेन की शुरुआत की, निपुण कैलेंडर का विमोचन किया और दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। साथ ही शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
1.78 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। वहीं, 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है और पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।
किसान, महिला और गरीब वर्ग के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खाद्य सुरक्षा योजना में 1 करोड़ पात्र लोगों को जोड़ा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर ₹1,450 प्रतिमाह किया गया है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के लिए मा वाउचर योजना, महिलाओं को लखपति दीदी बनाने और किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत सहायता देने जैसे कदम उठाए गए हैं।
भरतपुर-डीग को ₹1186 करोड़ से ज्यादा की सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भरतपुर और डीग जिलों के लिए सड़क, बिजली, ड्रेनेज और अन्य आधारभूत विकास कार्यों के लिए ₹1186 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शुभारंभ किया। साथ ही 691 करोड़ रुपये से अधिक के शैक्षिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
उन्होंने भुसावर को ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में शामिल करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और विकास के जरिए राजस्थान को आगे बढ़ाने का संकल्प सरकार लगातार पूरा कर रही है।





































































