नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार! चौहटन पुलिस ने स्मैक और एमडी ड्रग के साथ युवक को दबोचा

8
Rajasthan Crime News

Rajasthan Crime News: जयपुर। जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्त बाड़मेर अभियान के तहत चौहटन थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 54.34 ग्राम स्मैक, 51.34 ग्राम एमडी ड्रग तथा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य एवं वृताधिकारी चौहटन जेठाराम के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस मुख्यालय एवं जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थानाधिकारी चौहटन ललित किशोर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बा चौहटन में संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी वीराराम पुत्र नारायणराम प्रजापत (21) निवासी चौहटन को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 54 ग्राम 34 मिलीग्राम स्मैक तथा 51 ग्राम 34 मिलीग्राम एमडी बरामद हुई। साथ ही एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
इस संबंध में पुलिस थाना चौहटन में दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, आपूर्ति नेटवर्क तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल पदमाराम (1739) की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और सूचना संकलन से सफलता मिली। पुलिस टीम में एसएचओ ललित किशोर सहित कांस्टेबल रमेश कुमार, देवाराम, पदमाराम रोशन कुमार मीणा और विकास शर्मा शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here