विकसित राजस्थान @2047’ की नींव रखेगा बजट 2026-27, क्या पूरी होंगी जनता की उम्मीदें?

10
Rajasthan Budget 2026-27

Rajasthan Budget 2026-27: जयपुर। राजस्थान की जनता का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बहुप्रतीक्षित बजट बुधवार को विधानसभा में पेश किया जाएगा। प्रदेश की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी सुबह 11 बजे सदन में बजट भाषण देंगी।

मंगलवार को बजट से जुड़ी सभी फाइलों को अंतिम रूप दे (Rajasthan Budget 2026-27)दिया गया, जिसे लेकर उपमुख्यमंत्री कार्यालय से सामने आई तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। बजट को लेकर प्रदेशभर में उत्सुकता अपने चरम पर है।

बजट लॉक

मंगलवार को उपमुख्यमंत्री कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जहां बजट को औपचारिक रूप से ‘लॉक’ कर दिया गया। इस अहम बैठक में वित्त विभाग की पूरी कोर टीम मौजूद रही।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया, शासन सचिव वित्त (व्यय) टीना सोनी, शासन सचिव वित्त (बजट) राजन विशाल, शासन सचिव वित्त (राजस्व) कुमारपाल गौतम और निदेशक वित्त (बजट) बृजेश किशोर शर्मा शामिल रहे। सभी अधिकारियों ने बजट के प्रावधानों और प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।

‘विकसित राजस्थान @2047’ की दिशा में क्या होंगे बड़े ऐलान?

इस बजट से किसान, युवा, महिला, बुजुर्ग और मध्यम वर्ग समेत हर वर्ग को बड़ी उम्मीदें हैं। सरकार के सामने विकास और वित्तीय संतुलन दोनों साधने की चुनौती है।

1. युवाओं के लिए रोजगार का रोडमैप

सरकार नई सरकारी भर्तियों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी कर सकती है। साथ ही स्किल डवलपमेंट, स्टार्टअप और निजी निवेश को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर देने की तैयारी है।

2. महिलाओं और बुजुर्गों को राहत

सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी, स्वास्थ्य योजनाओं का विस्तार और महिलाओं के लिए स्वरोजगार योजनाओं की घोषणा की संभावना जताई जा रही है।

3. किसानों और गांवों पर फोकस

कृषि, सिंचाई, पशुपालन और ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बड़े बजटीय प्रावधान संभव हैं। आधुनिक कृषि तकनीक और सब्सिडी योजनाओं पर भी जोर रहेगा।

4. एक्सप्रेसवे से लेकर शहरों तक विकास

सड़क, एक्सप्रेसवे, मेट्रो विस्तार और शहरी विकास परियोजनाओं के लिए भारी निवेश की उम्मीद है। ERCP जैसी पेयजल योजनाओं को भी रफ्तार मिल सकती है।

5. जल संरक्षण और पर्यावरण

राजस्थान में पानी की समस्या को देखते हुए जल संरक्षण योजनाओं का बजट बढ़ाया जा सकता है। साथ ही ग्रीन एनर्जी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नए प्रोजेक्ट्स की घोषणा संभव है।

आर्थिक संतुलन सरकार की सबसे बड़ी परीक्षा

सरकार इस बजट में केवल लोकलुभावन घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहती। फालतू खर्चों में कटौती, GST वसूली में सख्ती और राजस्व के नए स्रोत तलाशकर राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की रणनीति अपनाई जा सकती है।

कब और कहां देखें राजस्थान बजट 2026-27?

राजस्थान का बजट बुधवार, 11 फरवरी 2026 को सुबह 11:00 बजे जयपुर स्थित राजस्थान विधानसभा में पेश किया जाएगा। प्रदेशवासी विधानसभा के आधिकारिक YouTube चैनल पर बजट भाषण और उससे जुड़ी हर अपडेट लाइव देख सकेंगे।

कुल मिलाकर, यह बजट भजनलाल सरकार की दिशा और नीयत दोनों को परखने वाला साबित होगा, जिससे राजस्थान के भविष्य की आर्थिक तस्वीर तय होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here