महिला ने खेत में देख लिया राज तो बना लिया निशाना! 6 घंटे में पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर

7
Ajmer woman murder

Ajmer woman murder: जयपुर। अजमेर जिले के अरांई थाना क्षेत्र के छोटालांबा गांव में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 6 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, ज्वार के खेत में आरोपी को एक नाबालिग बालिका के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखकर महिला ने उन्हें टोक दिया था। बदनामी के डर से दोनों ने कथित तौर पर महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। (Ajmer woman murder)मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शंकरलाल बैरवा (25) को गिरफ्तार किया है, जबकि नाबालिग बालिका को निरुद्ध किया गया है।

कुएं में मिला महिला का शव

गुरुवार को अरांई पुलिस को बोराड़ा रोड स्थित एक कुएं में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाला गया। मृतका की पहचान छोटालांबा निवासी सोनी देवी (38) के रूप में हुई। उसके गले पर ओढ़नी से फंदा कसने और सिर पर चोट के निशान मिले।

राजकीय यज्ञनारायण चिकित्सालय, किशनगढ़ में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सकों ने गला घोंटने से मौत की पुष्टि की। इसके बाद मृतका के पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

गले पर खरोंच के निशान से पुलिस को मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। एफएसएल और एमओबी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आसपास के खेतों में काम करने वालों से पूछताछ के दौरान शंकरलाल पुलिस को संदिग्ध लगा। उसके बयानों में विरोधाभास सामने आया।

पुलिस की नजर आरोपी के गले पर बने खरोंच के निशानों पर भी गई। तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर आरोपी ने कथित तौर पर वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।

बदनामी के डर से हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की दोपहर शंकरलाल अपनी पूर्व परिचित नाबालिग बालिका के साथ ज्वार के खेत में था। इसी दौरान सोनी देवी ने दोनों को देख लिया और डांट दिया। पुलिस का दावा है कि बदनामी के डर से दोनों ने ओढ़नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और अंधेरा होने पर शव कुएं में फेंक दिया।

आरोपी ने खुद को निर्दोष दिखाने के लिए परिजनों के साथ महिला की तलाश करने का नाटक भी किया। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here