BJP Strategy: राजस्थान की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए अजेय कुमार को नया संगठन महामंत्री नियुक्त किया है। राजनीतिक जानकार इस फैसले को केवल सामान्य नियुक्ति नहीं, बल्कि आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा मान रहे हैं।
अजेय कुमार इससे पहले उत्तराखंड में संगठन महामंत्री ( BJP Strategy)की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहां उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने और सरकार व संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके कार्यकाल में भाजपा ने उत्तराखंड में सत्ता विरोधी लहर की परंपरा को तोड़ते हुए लगातार दूसरी बार सरकार बनाई और बाद के चुनावों में भी शानदार प्रदर्शन किया।
विधानसभा, लोकसभा, निकाय, पंचायत और सहकारिता चुनावों में भाजपा की लगातार सफलता को उनकी संगठनात्मक क्षमता से जोड़कर देखा जाता है। यही कारण है कि अब राजस्थान में उनकी नियुक्ति को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच खास चर्चा है।
राजस्थान में लंबे समय से हर पांच साल में सत्ता परिवर्तन की परंपरा रही है। माना जा रहा है कि भाजपा इस राजनीतिक चक्र को तोड़ने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के उद्देश्य से अजेय कुमार को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप रही है।
उनकी नियुक्ति इस बात का संकेत मानी जा रही है कि भाजपा केवल चुनावी जीत तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि राज्य में दीर्घकालिक राजनीतिक और संगठनात्मक मजबूती स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।




































































