जालौर/जयपुर: CM Bhajan Lal Sharma ने जालौर जिले के पंसेरी गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में किसानों और पशुपालकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राजस्थान को “मॉडल स्टेट” बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है और इसी उद्देश्य से “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान” चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश की हर पंचायत के सुनियोजित विकास का ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बिजली और पानी को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है। किसानों की सिंचाई जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, गंगनहर सुदृढ़ीकरण, माही और देवास परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोम-कमला-अंबा परियोजना के जरिए जवाई बांध में पानी पहुंचेगा, जिससे जालौर, पाली और सिरोही जिलों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति दी जा रही है और वर्ष 2027 तक यह सुविधा पूरे राजस्थान में लागू कर दी जाएगी।

किसानों को जैविक खेती अपनाने की सलाह
Bhajan Lal Sharma ने किसानों से ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई अपनाने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और रासायनिक खाद के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने युवाओं से भी कृषि क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना, मंगला पशु बीमा योजना और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के जरिए पशुपालकों को लाभ दे रही है। दुग्ध उत्पादकों को 5 रुपये प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है और दुग्ध संकलन केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। पशुओं के इलाज के लिए मोबाइल यूनिट वैन भी उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 23 से 25 मई तक “ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM-2026)” का आयोजन करने जा रही है। इसके प्रचार-प्रसार के लिए प्रदेशभर में ग्राम विकास रथ भी चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उन्नत किसानों और पशुपालकों ने सरकार की योजनाओं के अनुभव साझा किए। इस मौके पर सरकारी मुख्य सचेतक Jogeshwar Garg, उद्योग राज्य मंत्री K. K. Vishnoi समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

































































