पुलिस अफसर या शातिर ठग? फर्जी FIR कांड में सच्चाई धीरे-धीरे सामने आ रही है

32
Rajasthan Police Scam

Rajasthan Police Scam: जयपुर/ब्यावर: राजस्थान पुलिस में फर्जीवाड़े का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे सिस्टम की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महेश नगर थाना पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की फर्जी एफआईआर बनाकर 49 लाख रुपये की अवैध वसूली के मामले में गिरफ्तार RPS अधिकारी रितेश पटेल के करीबी सहयोगी इरफान खान को ब्यावर से दबोच लिया है।(Rajasthan Police Scam) पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 7 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

IPS अफसर बनने का नाटक, नकली पहचान पत्र बरामद

जांच में सामने आया है कि RPS अधिकारी रितेश पटेल खुद को IPS अफसर दिखाने के लिए नकली पहचान पत्र रखता था। यही नहीं, उसने अपने रसूख का डर दिखाने के लिए कई लोगों को जाली आईडी भी बांटी थीं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पटेल ने ATS और SOG टीमों के साथ मेघालय जाने के फर्जी आदेश तक तैयार कर रखे थे, ताकि लोगों को अपनी ऊंची पहुंच का भ्रम दे सके।

29 DSP के तबादले, गृह राज्य मंत्री के जाली हस्ताक्षर

मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोप है कि रितेश पटेल ने गृह राज्य मंत्री के जाली हस्ताक्षर कर 29 DSP के ट्रांसफर की फर्जी अनुशंसा सूची तैयार की थी।

फिलहाल पुलिस इन दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कर रही है। रितेश के कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से अहम डिजिटल सबूत जुटाए जा रहे हैं।

ऐसे तैयार होती थी SOG की फर्जी एफआईआर

गिरफ्तार आरोपी इरफान खान (35) ब्यावर का निवासी है और वहां कोहिनूर स्क्रीन प्रिंटिंग नाम से दुकान चलाता है। पुलिस के अनुसार, वह पहले ब्यावर में डिप्टी रह चुका है, तभी से उसकी पहचान रितेश पटेल से थी।

जांच में सामने आया है कि रितेश पटेल ने SOG में पहले से दर्ज असली एफआईआर की कॉपी को आधार बनाकर फर्जी एफआईआर तैयार की। इसके बाद इरफान खान की मदद से उसमें शब्दों की मैचिंग और एडिटिंग करवाई गई।

एफआईआर को असली दिखाने के लिए SOG के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के हस्ताक्षर भी कॉपी कर लगाए गए थे।

विवादों से पुराना नाता, पहले से दर्ज हैं 6 केस

RPS अधिकारी रितेश पटेल का नाम पहले भी कई गंभीर मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ पहले से छह एफआईआर दर्ज हैं:

फरवरी 2021: बिलाड़ा में महिला शिक्षिका से दुष्कर्म का मामला
सितंबर 2021: सोजत में अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग
जून 2017: अश्लील संदेश भेजने का आरोप
सितंबर 2024: बजरी माफिया की मदद को लेकर अपने ही इंस्पेक्टर से झड़प

49 लाख की वसूली और जेल भेजने की धमकी

महेश नगर थाना पुलिस ने 30 दिसंबर को रितेश पटेल को अनिंदो बनर्जी से 49 लाख रुपये की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था।

बताया गया कि दो साल पहले निलंबित पटेल ने अपनी बहाली का झांसा देकर यह रकम ली थी। जब एक साल बाद अनिंदो ने पैसे वापस मांगे, तो पटेल ने SOG की फर्जी एफआईआर का डर दिखाया और व्हाट्सऐप पर उसकी कॉपी भेजकर जेल भेजने की धमकी दी।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क हो सकता है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here