प्रधानमंत्री मोदी बांसवाड़ा में देंगे ऊर्जा और परिवहन क्षेत्र में बड़ी सौगात, जानें पूरी योजना!

106
PM Mod Banswara visit

PM Mod Banswara visit: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 सितम्बर को बांसवाड़ा से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर केन्द्र व राज्य सरकार की लगभग 1 लाख 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा संयत्र का शिलान्यास करेंगे, जो कि प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में ऐतिहासिक कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पीएम मोदी राजस्थान सहित कई राज्यों की स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाएं भी देशवासियों को समर्पित करेंगे।

प्रधानमंत्री के बांसवाड़ा दौरे की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित बांसवाड़ा दौरे की तैयारियों को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित विभाग अपनी तय जिम्मेदारियों के अनुसार काम करें और कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित करें।

पीएम कुसुम योजना के लाभार्थियों से प्रधानमंत्री का संवाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी बीकानेर-दिल्ली केन्ट वन्दे भारत एक्सप्रेस, जोधपुर-दिल्ली केन्ट वन्दे भारत एक्सप्रेस एवं उदयपुर सिटी-चण्डीगढ़ एक्सप्रेस का हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ करेंगे। इस कड़ी में बीकानेर, जोधपुर एवं उदयपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी की जाएं। उन्होंने पीएम कुसुम योजना के लाभार्थियों और प्रधानमंत्री के मध्य संवाद कार्यक्रम के लिए भी ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था और लाइव प्रसारण की तैयारियां

बैठक में सीएम शर्मा ने कहा कि आयोजन स्थल पर आमजन के लिए बैठक, पेयजल, आवागमन सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी तरह की असुविधा ना हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, और गृह और परिवहन विभाग यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्थाएं करें। विशेष तौर पर अधिकारी भी नियोजित किए जाएं।

जिला मुख्यालय से ग्राम पंचायत तक जुड़ें मुख्य कार्यक्रम से

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुख्य कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के माध्यम से सभी जिला मुख्यालयों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को जोड़ा जाए। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, पर्यटन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग एवं संचार विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे तथा संभागीय आयुक्त उदयपुर एवं जिला कलेक्टर बांसवाड़ा वी.सी. के माध्यम से जुड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here