Maharashtra voter data controversy: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 को ‘लोकतंत्र में धांधली करने का ब्लूप्रिंट’ बताया था। ( Maharashtra voter data controversy)नड्डा ने शनिवार को कहा कि गांधी चुनावी हार से हताश होकर अब फर्जी साजिशों का रोना रो रहे हैं।
राहुल गांधी का गंभीर आरोप
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र को खत्म करने की एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि यह ‘मैच फिक्सिंग’ अब बिहार और अन्य राज्यों में भी दोहराई जाएगी, जहां-जहां भाजपा हार रही है।
राहुल गांधी ने एक लेख में लिखा:
- चरण 1: निर्वाचन आयोग की नियुक्ति करने वाली समिति पर कब्जा।
- चरण 2: फर्जी मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया।
- चरण 3: मतदान प्रतिशत बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया।
- चरण 4: भाजपा के पक्ष में फर्जी मतदान कराया गया।
- चरण 5: सबूतों को छिपाया गया।
‘फर्जी विमर्श गढ़ने की कोशिश’
नड्डा ने गांधी के लेख को ‘फर्जी विमर्श गढ़ने का ब्लूप्रिंट’ करार दिया और कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में हार रही है, इसलिए वे आत्मनिरीक्षण की बजाय षड्यंत्र की थ्योरी गढ़ते हैं। नड्डा ने अपने जवाब में लिखा:
- चरण 1: कांग्रेस हरकतों के कारण बार-बार हारती है।
- चरण 2: आत्मनिरीक्षण के बजाय षड्यंत्र की थ्योरी रचती है।
- चरण 3: तथ्यों और आंकड़ों को अनदेखा करती है।
- चरण 4: बिना सबूत संस्थाओं को बदनाम करती है।
- चरण 5: सुर्खियों के लिए झूठ फैलाती है।
मतदाता आंकड़ों पर राहुल गांधी के सवाल
राहुल गांधी ने अपने लेख में महाराष्ट्र की मतदाता संख्या में असामान्य वृद्धि की ओर इशारा किया। उन्होंने बताया:
- 2019 विधानसभा चुनाव में मतदाता: 8.98 करोड़
- मई 2024 लोकसभा चुनाव में मतदाता: 9.29 करोड़
- नवंबर 2024 विधानसभा चुनाव में मतदाता: 9.70 करोड़
उन्होंने कहा कि सरकार के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र के वयस्कों की कुल आबादी 9.54 करोड़ है, ऐसे में 9.70 करोड़ मतदाता होना सवाल उठाता है।
मतदान प्रतिशत में भारी उछाल का दावा
गांधी के अनुसार:
-
- शाम 5 बजे तक मतदान: 58.22%
- अंतिम मतदान प्रतिशत: 66.05%
- बढ़ोतरी: 7.83% (लगभग 76 लाख वोट)
उन्होंने कहा कि यह वृद्धि पिछले किसी भी विधानसभा चुनाव से अधिक थी। इसके अलावा उन्होंने 85 निर्वाचन क्षेत्रों में से केवल 12,000 केंद्रों पर नए मतदाता जोड़े जाने पर भी सवाल उठाया, जिनमें भाजपा को जीत मिली।
भाजपा का जवाब: ‘लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला’
भाजपा ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वह लोकतंत्र में लोगों के विश्वास को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस नेता बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक सुनियोजित साजिश के तहत लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें हार का डर सता रहा है। जेपी नड्डा ने अंत में कहा, “लोकतंत्र को नाटक की नहीं, सच्चाई की जरूरत है।”