जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में 40 घंटे बाद कांग्रेस का धरना खत्म, रितु बराला केस में हाईकोर्ट जाएगी पार्टी

जीरो FIR से जयपुर पुलिस का इनकार, व्हीलचेयर पर पहुंचे डोटासरा बोले— पुलिस ने कानून की गलत व्याख्या की, अब हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

3
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में धरने के दौरान व्हीलचेयर पर बैठे गोविंद सिंह डोटासरा और कांग्रेस नेता
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल से वार्ता के दौरान व्हीलचेयर पर नजर आए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा।

Jaipur Congress protest : जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में पिछले करीब 40 घंटे से चल रहा कांग्रेस का धरना बुधवार दोपहर डेढ़ बजे समाप्त हो गया। रितु बराला पिटाई मामले में जीरो FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता कमिश्नरेट में डटे हुए थे। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के आश्वासन के बाद कांग्रेस ने प्रदर्शन खत्म करने का ऐलान किया।

पुलिस कमिश्नर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और रितु बराला से मुलाकात की। इस दौरान डोटासरा पैर में चोट के चलते व्हीलचेयर पर नजर आए।

सोमवार शाम से शुरू हुए इस धरने में प्रताप सिंह खाचरियावास समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। करीब 40 घंटे चले गतिरोध के बाद पुलिस ने जीरो FIR दर्ज करने से इनकार करते हुए लिखित जवाब दिया। पुलिस का तर्क है कि इस मामले की शिकायत दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में पहले से दर्ज है और जांच जारी है।

धरना समाप्त होने के बाद डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई को अब अदालत में लड़ेगी। पार्टी राजस्थान हाईकोर्ट और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगी। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने रितु बराला की शिकायत पर जीरो FIR दर्ज करने के नियमों का पालन नहीं किया है।

दिल्ली में कथित मारपीट का यह मामला अब राजस्थान में राजनीतिक और कानूनी टकराव का बड़ा मुद्दा बन गया है। कमिश्नरेट में चल रहा धरना फिलहाल खत्म हो गया है, लेकिन कांग्रेस ने कानूनी लड़ाई जारी रखने के संकेत दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here