Rajasthan Crime News : अजमेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की इंटेलिजेंस इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL), किशनगढ़ में कार्यरत टेक्नीशियन-प्रथम बबलेश कुमार शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। (Rajasthan Crime News )आरोपी पर पॉली हाउस के लिए बिजली कनेक्शन जारी करने के बदले 10 हजार रुपये की मांग करने का आरोप है।
बिजली कनेक्शन जारी करने
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी इंटेलिजेंस, अजमेर को एक शिकायत मिली थी। शिकायत के अनुसार, परिवादी ने अपने पिता एवं बड़े पिताजी के नाम ग्राम ढसूक स्थित कृषि भूमि (खसरा संख्या 634 एवं 635) पर पॉली हाउस के लिए विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने हेतु 29 मई 2026 को आवेदन किया था। जब परिवादी 23 जून 2026 को एवीवीएनएल, किशनगढ़ स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचा, तब वहां गिरीराज मीणा ने बिजली कनेक्शन जारी करने के बदले 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। साथ ही कहा गया कि इस संबंध में टेक्नीशियन बबलेश कुमार शर्मा का फोन आएगा।
PhonePe से मांगे पैसे
एसीबी के अनुसार, 25 जून 2026 को आरोपी बबलेश कुमार शर्मा ने परिवादी को WhatsApp कॉल कर PhonePe के माध्यम से 15 हजार रुपये भेजने के लिए कहा। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि रिश्वत की राशि मिलते ही बिजली कनेक्शन की फाइल तुरंत स्वीकृत करा दी जाएगी।
अजमेर की टीम ने आरोपी…
उपमहानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के सुपरवीजन में पुलिस निरीक्षक कंचन भाटी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। 1 जुलाई 2026 को मांग सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। 2 जुलाई 2026 को आरोपी ने पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार परिवादी से PhonePe के जरिए 10 हजार रुपये रिश्वत की राशि प्राप्त की। राशि प्राप्त होते ही एसीबी इंटेलिजेंस, अजमेर की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के निर्देशन में आरोपी तथा मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान जारी है।
भ्रष्टाचार की शिकायत ऐसे करें
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से भ्रष्टाचार के मामलों की सूचना देने की अपील की है। शिकायतकर्ता टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर 24×7 संपर्क कर सकते हैं। ब्यूरो का कहना है कि वैध कार्यों में रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
































































