Rajasthan Politics: जयपुर। राजस्थान की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस की एकजुटता पर उठ रहे सवालों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरे देश में पार्टी के अंदर कोई गुटबाजी नहीं है।
गहलोत ने भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर कहा कि कांग्रेस ने कभी भाजपा के फैसलों पर सवाल नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने राजेंद्र राठौड़ को टिकट क्यों नहीं दिया, (Rajasthan Politics)इस पर भी कांग्रेस ने कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ही लगातार कांग्रेस के आंतरिक मामलों को लेकर बयान देती रहती है।
पंचायत और निकाय चुनाव को लेकर सरकार पर निशाना
पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनाव में देरी को लेकर गहलोत ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद चुनाव नहीं करवाए जा रहे हैं। गहलोत ने आरोप लगाया कि सरकार चुनावों को लेकर डरी हुई है और संविधान में तय प्रक्रिया की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने कहा कि अगर केंद्र में दूसरी सरकार होती तो इस मामले में सवाल उठाए जाते, लेकिन अब राज्य सरकार को जवाब देना चाहिए कि चुनाव क्यों नहीं हो रहे।
CM भजनलाल शर्मा के बयान पर पलटवार
माउंट आबू में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर दिए गए बयानों पर गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री की बातों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के अंदर ही कई नेता अपनी सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री को मीडिया के सवालों का सामना करना चाहिए और जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया से संवाद करने से सरकार को ही फायदा होता है, क्योंकि इससे जमीनी हकीकत सामने आती है।




































































