Char Dham Yatra : उत्तराखंड में लगातार हो रही भीषण बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नदियां उफान पर हैं और कई जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। ( Char Dham Yatra )इस कारण चार धाम यात्रा पर भी असर पड़ा है। भारी बारिश के चलते यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी का बड़ा फैसला
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी है कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए चार धाम यात्रा को रोक दिया गया है। उन्होंने कहा, “जब मौसम अनुकूल होगा और यात्रा सुरक्षित होगी, तभी इसे पुनः शुरू किया जाएगा। हमारी पहली प्राथमिकता सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन अलर्ट पर हैं।”
भारी बारिश के कारण सोनप्रयाग में भूस्खलन हुआ, जिससे केदारनाथ से लौट रहे 40 से अधिक श्रद्धालु फंस गए। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे अचानक मलबा गिरा, जिससे मार्ग बंद हो गया था।
बद्रीनाथ और यमुनोत्री राजमार्गों पर भी असर
चमोली पुलिस ने बताया कि बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बद्रीश होटल के पास भूस्खलन हुआ है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। इसी तरह, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलाई बैंड और ओजरी के बीच सड़क के हिस्से बह गए हैं।
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, यमुनोत्री मार्ग दो जगहों पर बंद है और मार्ग बहाली में समय लग सकता है। इस बीच एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, जो यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों से आगे बढ़ने में सहायता कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग व स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।