Cold Wave: पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण ठंड, शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। आम जनजीवन पर इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) का ताजा अपडेट और ज्यादा चिंता बढ़ाने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ मध्य भारत में सक्रिय हो रहा है, जिससे कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू होगा और तापमान में और गिरावट आएगी। (Cold Wave) यह स्थिति पूरे हफ्ते बनी रह सकती है, ऐसे में लोगों को अपनी सेहत को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा, जिससे गलन और ठंड और तेज हो सकती है।
कोहरे ने रोकी दिल्ली की रफ्तार
रविवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। पालम और सफदरजंग जैसे क्षेत्रों में विजिबिलिटी काफी कम दर्ज की गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण कई ट्रेनें भी अपने तय समय से देरी से चल रही हैं।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 4 से 7 जनवरी के बीच ठंड और शीतलहर और गंभीर हो सकती है। बर्फीली हवाओं की वजह से दिन के तापमान में भी करीब 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।
पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बढ़ी ठिठुरन की बड़ी वजह पहाड़ी राज्यों में हो रही ताजा बर्फबारी है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बर्फ की मोटी परत जम चुकी है, जिससे वहां से आने वाली ठंडी हवाएं दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के क्षेत्रों में तापमान गिरा रही हैं।
हालांकि सोमवार से घने कोहरे में थोड़ी कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन सुबह के समय धुंध बनी रह सकती है। फिलहाल राजधानी को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।
यूपी के 11 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है। ठंडी हवाओं और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में बरेली, आगरा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, गाजियाबाद, गोरखपुर, अलीगढ़ और अयोध्या शामिल हैं। लोगों को सुबह और रात के समय खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मध्यप्रदेश में बारिश बढ़ाएगी गलन
मध्यप्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भोपाल, बुरहानपुर, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, दतिया, देवास, धार, डिंडोरी, गुना, ग्वालियर, इंदौर और जबलपुर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आएगी और गलन बढ़ेगी।
अन्य राज्यों में भी मौसम का असर
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार में ठंड और कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। कई इलाकों में दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। वहीं, महाराष्ट्र में मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में 4 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना है, जिससे मौसम नम और अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा।
दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में हल्की बारिश और नमी बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने सभी राज्यों में लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर जांचें और ठंड से बचाव के उपाय अपनाएं।




































































