Charlie Kirk: अमेरिका के यूटा राज्य में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी और राजनीतिक कार्यकर्ता चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना गुरुवार को वैली यूनिवर्सिटी में हुई, जब चार्ली ‘द अमेरिकन कमबैक टूर’ प्रोग्राम में हिस्सा ले रहे थे। (Charlie Kirk) सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि चार्ली किर्क सफेद टेंट के नीचे बैठे हुए माइक्रोफोन से बोल रहे थे, तभी अचानक गोली चलती है और उनके गर्दन के पास लगती है। इसके बाद वह खून बहते हुए गिर जाते हैं।
मौके पर अफरातफरी और दर्शकों की प्रतिक्रिया
गोली लगने के बाद चार्ली किर्क जमीन पर गिर गए और मौके पर अफरातफरी मच गई। दर्शक चीखते हुए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी।
राष्ट्रपति ट्रंप ने जताया गहरा दुख
चार्ली किर्क की मौत पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गहरा दुख व्यक्त किया। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर लिखा, “सच्चे महान अमेरिकी देशभक्त चार्ली किर्क के सम्मान में, मैं पूरे अमेरिका में सभी झंडों को रविवार शाम 6 बजे तक आधा झुकाने का आदेश दे रहा हूं।” ट्रंप ने यह भी कहा कि “अमेरिका के युवाओं को चार्ली से बेहतर कोई नहीं समझता था।”
चार्ली किर्क के योगदान
31 वर्षीय चार्ली किर्क अमेरिका के एक प्रमुख राजनीतिक कार्यकर्ता थे। उन्होंने टर्निंग प्वाइंट यूएसए नामक संगठन की स्थापना की थी, जिसके जरिए वह स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्रों को राजनीति के बारे में जानकारी देते थे। वह ट्रंप के कट्टर समर्थक माने जाते थे और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे।
ट्रंप पर हुआ था हमला
यह घटना उस समय हुई है जब कुछ दिन पहले, 13 जुलाई को, अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पेंसिलवेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान हमला हुआ था। 20 साल के एक व्यक्ति ने करीब 400 फीट दूर से ट्रंप पर लगातार 8 गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली ट्रंप के दाहिने कान को छूते हुए निकल गई थी। इस घटना के बाद से ट्रंप की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे थे।