Barmer news: बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर जिले के बीजराड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब 12वीं बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र को कथित तौर पर बोलेरो में आए बदमाश परीक्षा केंद्र से ही उठाकर ले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो में कुछ युवक छात्र को क्लासरूम से बाहर घसीटते हुए ले जाते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद उसे वाहन में डालकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां(Barmer news) उसके साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान मौजूद लोगों की निष्क्रियता को लेकर भी चर्चा हो रही है।
मारपीट के बाद सड़क किनारे छोड़ा
परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने छात्र के साथ गंभीर मारपीट की। उसे घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़ दिया गया। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस और स्कूल प्रशासन सक्रिय हुए।
घायल छात्र को पहले चौहटन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बाड़मेर मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, छात्र का सीटी स्कैन कराया गया है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह घटना सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न लगा रही है। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान आमतौर पर अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए जाते हैं, बावजूद इसके परीक्षा केंद्र से छात्र को कथित तौर पर उठाया जाना प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।
चार आरोपी चिन्हित, गिरफ्तारी के निर्देश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश आर्य ने बताया कि मामले में चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जो सभी जैसार गांव के बताए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
बाड़मेर के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने भी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश, पुराना विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।
बोर्ड परीक्षा जैसे संवेदनशील अवसर पर हुई इस वारदात ने अभिभावकों और छात्रों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाती है और भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।






























































