Anta Assembly Seat: राजस्थान में बारां जिले की अंता विधानसभा सीट (Anta Assembly Seat) पर उपचुनाव को लेकर उम्मीदवार अब चुनावी रण में उतर चुके हैं। आज दोपहर 3 बजे नामांकन की समय सीमा समाप्त हो गई है। उपचुनाव में अंता सीट से कुल 21 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं और कुल 32 फार्म जमा कराए हैं। इस चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय दावेदार सभी ने अपनी दावेदारी पेश की है।
भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार
भाजपा ने अपने जमीनी स्तर के कार्यकर्ता और बारां के वर्तमान प्रधान मोरपाल सुमन को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया को फिर से टिकट दिया है।
बागी और नए उम्मीदवारों ने बढ़ाया मुकाबला
इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के अलावा बागी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी भाग लिया है। आज नामांकन की अंतिम समय सीमा में भाजपा से बारां अटरू के पूर्व विधायक रामपाल मेघवाल ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं कांग्रेस से जुड़े युवा नेता नरेश मीणा ने भी इस सीट पर दावेदारी ठोक रखी है।नरेश मीणा युवाओं और मीणा वोट बैंक पर असर डाल सकते हैं, जबकि रामपाल मेघवाल एससी वर्ग और भाजपा वोट बैंक को प्रभावित कर सकते हैं। दोनों प्रमुख पार्टियों को नए सिरे से अपनी चुनावी रणनीति बनानी होगी। अंता विधानसभा में कुल 2,27,563 मतदाता हैं, जिनमें 1,16,405 पुरुष, 1,11,154 महिलाएं और 4 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 268 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
नामांकन जांच और मतदान प्रक्रिया
23 अक्टूबर को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा सभी नामांकन की जांच होगी और सही पाए गए उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तारीख 27 अक्टूबर है। मतदान 11 नवम्बर को होगा और नतीजे 14 नवम्बर को घोषित किए जाएंगे।
पिछले चुनावों के परिणाम
- 2023 में भाजपा (कंवरलाल मीणा) ने कांग्रेस (प्रमोद जैन भाया) को 5,861 मतों से हराया।
- 2018 में कांग्रेस (प्रमोद जैन भाया) ने भाजपा (प्रभुलाल सैनी) को 34,063 मतों से हराया।
- 2013 में भाजपा (प्रभुलाल सैनी) ने कांग्रेस (प्रमोद भया) को 3,399 मतों से हराया।
- 2008 में कांग्रेस (प्रमोद कुमार) ने भाजपा (रघुवीर सिंह कौशल) को 29,668 मतों से हराया।
































































