DGP Rajiv Kumar Sharma: जयपुर। बदलते अपराध के तरीकों और तेजी से बढ़ते साइबर क्राइम के बीच पश्चिमी राज्यों की पुलिस ने आपसी समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया है। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार को आयोजित 13वीं वेस्टर्न रीजनल पुलिस कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में अंतरराज्यीय अपराध, साइबर ठगी,(DGP Rajiv Kumar Sharma) नशा तस्करी और गुमशुदा बच्चों की तलाश जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत मंथन हुआ। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने भी बैठक में हिस्सा लिया और राजस्थान पुलिस के अनुभव साझा किए।
साइबर अपराध और संगठित क्राइम पर फोकस
बैठक में पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने माना कि अपराध अब राज्य की सीमाओं तक सीमित नहीं रह गए हैं। साइबर अपराध, संगठित अपराध और नशे की तस्करी के नेटवर्क कई राज्यों में फैले हुए हैं। ऐसे में अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए राज्यों के बीच रियल टाइम सूचना साझा करने और संयुक्त कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया गया।
साइबर अपराध के नेटवर्क और उनके इन्फ्रास्ट्रक्चर को कमजोर करने की रणनीति पर भी अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए।
राजस्थान पुलिस ने साझा किए अपने अनुभव
बैठक में राजस्थान पुलिस की ओर से डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के साथ अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था वी.के. सिंह, पुलिस महानिरीक्षक के.बी. वंदना और चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह मौजूद रहे।
राजस्थान प्रतिनिधिमंडल ने साइबर अपराध की रोकथाम, तकनीक आधारित पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था प्रबंधन और अंतरराज्यीय अपराधों पर कार्रवाई से जुड़े अनुभव साझा किए।
DGP बोले- आधुनिक तकनीक और समन्वय जरूरी
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि अपराध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे में पुलिस को भी आधुनिक तकनीक और बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने साइबर अपराध नियंत्रण, तकनीक आधारित पुलिसिंग और अंतरराज्यीय अपराधों के खिलाफ संयुक्त प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
गुमशुदा बच्चों से लेकर नशा तस्करी तक चर्चा
बैठक में बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, गुमशुदा बच्चों की तलाश में अपनाई जा रही नई तकनीक, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, आपराधिक न्याय प्रणाली में डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल और अंतरराज्यीय अपराधियों पर कार्रवाई जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां दी गईं।
अधिकारियों ने अलग-अलग राज्यों में सफल पुलिसिंग मॉडल और नवाचारों को साझा किया, ताकि जरूरत के मुताबिक उन्हें अन्य राज्यों में भी लागू किया जा सके।
बनेगी साझा रणनीति
बैठक में अंतरराज्यीय अपराधों पर संयुक्त कार्रवाई को और मजबूत करने, खुफिया सूचनाओं के तेजी से आदान-प्रदान और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल पर सहमति बनी। अधिकारियों ने माना कि बदलते अपराधों से निपटने के लिए राज्यों की पुलिस के बीच लगातार संवाद और मजबूत तालमेल बेहद जरूरी है।
बैठक के समापन सत्र में भविष्य की साझा कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। साथ ही आगामी समन्वय बैठकों के जरिए राज्यों के बीच पुलिस सहयोग को लगातार मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया।
