जिस पत्नी पर भरोसा किया, उसी ने प्रेमी संग रच दी हत्या की साजिश, हादसा नहीं था एक्सीडेंट

13
Sriganganagar News

Sriganganagar News: राजस्थान के श्रीगंगानगर में शाम की सैर के दौरान हुए कथित सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पहले इसे हिट-एंड-रन का मामला माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में जो सच सामने आया, वह रिश्तों को शर्मसार करने वाला निकला। यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी, जिसकी साजिश खुद पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची।

पुलिस के मुताबिक, 23 वर्षीय अंजलि कुमार ने अपने पति आशीष कुमार (27) की हत्या इसलिए करवाई क्योंकि उसकी शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कर दी गई थी। वह इस शादी से खुश नहीं थी। (Sriganganagar News)अंजलि का पिछले सात साल से संजय नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा। इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पोस्टमार्टम ने खोली झूठी कहानी की परतें

शुरुआत में अंजलि ने पुलिस को बताया कि एक तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे आशीष की मौत हो गई। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि शरीर पर मौजूद चोटें सड़क दुर्घटना से मेल नहीं खा रही थीं। सिर पर गहरी चोट और गला दबाने के निशान मिले। यहीं से पुलिस को पूरे मामले पर शक हुआ।

जांच में खुलासा हुआ कि यह हत्या अचानक नहीं की गई थी। घटना से 16 दिन पहले अंजलि अपने मायके सादुलशहर गई थी, जहां उसने प्रेमी संजय के साथ मिलकर आशीष को खत्म करने की योजना बनाई। दोनों ने रोहित और सिद्धार्थ को भी साजिश में शामिल किया, जिन्होंने घटना स्थल की रेकी की।

आशीष ने अपनी मौत से महज तीन दिन पहले एक निजी स्कूल में शिक्षक के तौर पर नौकरी शुरू की थी। वह नई जिंदगी के सपने देख रहा था, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि उसका भरोसा ही उसकी मौत की वजह बन जाएगा।

लूट का नाटक और बेहोशी का ड्रामा

हत्या के बाद अंजलि ने मामले को लूटपाट का रूप देने की कोशिश की। उसने आशीष का मोबाइल फोन और अपनी बालियां आरोपियों को दे दीं। इसके बाद घटनास्थल पर बेहोश होने का नाटक किया। उसकी शिकायत पर पुलिस ने पहले लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी सच्चाई उजागर कर दी।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह मामला न सिर्फ एक हत्या की कहानी है, बल्कि जबरन रिश्तों और दबे हुए फैसलों के खतरनाक अंजाम की चेतावनी भी देता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here