Spa Center Ban: राजस्थान के जोधपुर में स्पा सेंटर पर प्रतिबंध के बावजूद एक स्पा सेंटर का ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. डीपीएस सर्किल स्थित इस स्पा सेंटर के अंदर का वीडियो सामने आने से पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है.
वायरल वीडियो में एक युवक स्पा सेंटर के अंदर कुर्सी पर (Spa Center Ban)बैठा दिखाई देता है. वीडियो बनाने वाला व्यक्ति जब उससे पूछता है कि क्या वह पुलिसकर्मी है तो युवक खुद को पुलिस वाला बताता है. जब उससे यह पूछा जाता है कि पुलिस में होते हुए भी वह प्रतिबंधित स्पा सेंटर कैसे चला रहा है तो वह पुलिसकर्मी होने का दावा करते हुए अपना बेल्ट नंबर तक बता देता है.
महिलाएं बोलीं – होली मनाने आई हैं
वीडियो में उसी जगह सोफे पर तीन महिलाएं भी बैठी दिखाई देती हैं. जब उनसे पूछा जाता है कि क्या वे स्पा सेंटर में पार्टनर हैं तो उनका जवाब था कि वे तो यहां होली मनाने आई हैं. इस दौरान वीडियो में अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी सुनाई देता है.
112 चेतक सेवा का ड्राइवर बताया जा रहा है आरोपी
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला युवक जोधपुर पुलिस की सहायता में लगी प्राइवेट कंपनी की गाड़ी यानी राजस्थान पुलिस की 112 चेतक सेवा से जुड़ा ड्राइवर है जो उदय मंदिर पुलिस थाने से संबद्ध बताया जा रहा है. यह पूरा मामला तब और संवेदनशील हो जाता है जब यह देखा जाए कि पुलिस कमिश्नर शरत कविराज के नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों पर कार्यवाही करती रही है.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और लोगों के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया है. अभी तक जोधपुर पुलिस की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कार्यवाही करता है और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की असली पहचान और उसके संबंध क्या हैं.

































































