घना कोहरा, कोल्ड डे और बर्फबारी की चेतावनी, उत्तर भारत में सर्दी चरम पर IMD अलर्ट जारी आज

Weather Update

Weather Update: नई दिल्ली। पूरा उत्तर भारत इस वक्त हाड़ कंपा देने वाली ठंड की गिरफ्त में है। बर्फीली हवाएं, घना कोहरा और शीतलहर ने आम लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि सड़कों पर चलना तक जोखिम भरा हो गया है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का ताजा अपडेट लोगों की चिंता और बढ़ाने वाला है। IMD के मुताबिक आने वाले पूरे हफ्ते उत्तर भारत को सर्दी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। उल्टा कुछ राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे ठिठुरन और ज्यादा बढ़ सकती है।

 शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में घने से बहुत घने कोहरे की आशंका जताई है। वहीं बिहार में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी हुई है।

IMD ने लोगों से अपील की है कि वे सेहत को लेकर सतर्क रहें और बाहर निकलने से पहले मौसम अपडेट जरूर देखें।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार दूसरे दिन कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम था। यह साल 2024 के बाद का सबसे सर्द दिन माना जा रहा है।

आज भी दिल्ली में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी है, जिससे हवाई और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।

पहाड़ों में बर्फबारी की आशंका

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। इन इलाकों में पहले से ही ऑरेंज अलर्ट जारी है। कश्मीर और हिमाचल के कई जिलों में तापमान शून्य से नीचे माइनस में चला गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह ठहर सा गया है।

उत्तर प्रदेश में ठंड का हाल

पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि पूर्वी यूपी में ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी हुई है। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन ठंड से राहत के आसार बेहद कम हैं।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से यूपी के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे सर्दी और बढ़ेगी।

बिहार में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति

बिहार में भी 11 जनवरी को कड़ाके की ठंड जारी है। कई जिलों में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित है। दिन में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन शाम होते ही ठंड का असर तेज हो जाता है। फिलहाल राज्य में न्यूनतम तापमान काफी नीचे बना हुआ है। कुल मिलाकर, उत्तर भारत में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज आने वाले दिनों में और ज्यादा परेशानी बढ़ा सकता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version