Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। एक ओर पहाड़ों पर मूसलाधार बारिश हो रही है तो दूसरी ओर राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, (Rain Alert)यूपी और बंगाल जैसे राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
राजस्थान और पश्चिम बंगाल में बाढ़ का खतरा
राजस्थान के कई जिलों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन चुकी है। उधर, पश्चिम बंगाल में भी लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कहीं-कहीं भारी बारिश, आंधी-तूफान और बादल फटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
गुजरात और महाराष्ट्र में भी भारी बारिश के संकेत
दक्षिण और पश्चिम भारत भी मानसून की चपेट में है। गुजरात और महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। खासकर कोंकण, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधूदुर्ग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मुंबई, पालघर और ठाणे में बीते दिन तेज बारिश हुई, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने इन इलाकों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन से हालात बिगड़े
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण लगातार भूस्खलन हो रहा है। इसके चलते 435 सड़कें बंद हैं और कई गांवों का संपर्क टूट चुका है। कई क्षेत्रों में बाढ़ के हालात भी उत्पन्न हो गए हैं। आईएमडी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के चलते 24 से 28 जुलाई के बीच दक्षिण 24 परगना, झारग्राम, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पुरुलिया में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी का कहना है कि अगले 5 दिनों तक उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक लगातार बारिश होती रहेगी। लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की अपडेट्स पर नजर रखने की सलाह दी गई है।