Jeevansathi App: जयपुर/कोटा। ऑनलाइन मैट्रिमोनियल ऐप पर शुरू हुई एक दोस्ती युवती के लिए दर्दनाक साबित हुई। शादी का झांसा देकर खुद को दिल्ली पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे से सब-इंस्पेक्टर बताने वाले युवक ने पहले युवती का भरोसा जीता, फिर उसके साथ दुष्कर्म किया और लाखों रुपये की ठगी कर फरार हो गया। (Jeevansathi App)आखिरकार कोटा शहर की नयापुरा थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जीवनसाथी ऐप से हुई पहचान
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि फरार वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाषचंद मिश्रा के सुपरविजन और पुलिस उपाधीक्षक डॉ. पूनम के निर्देशन में नयापुरा थाना प्रभारी राजपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी रितिक कम्बोज (24) निवासी ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड), हाल निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, युवती की आरोपी से पहचान जीवनसाथी ऐप के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने खुद को दिल्ली पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे से नियुक्त सब-इंस्पेक्टर बताकर शादी का भरोसा दिलाया। विश्वास कायम होने के बाद उसने कथित तौर पर शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने दिल्ली पुलिस में मेडिकल प्रक्रिया और अन्य जरूरी खर्चों का बहाना बनाकर युवती से करीब 10 लाख रुपये, 15 तोला सोने के आभूषण और एक स्विफ्ट कार भी अपने नाम पर ले ली। जब युवती को धोखाधड़ी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस में मामला दर्ज कराया।
आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ा
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। नयापुरा थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से मुजफ्फरनगर क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म पर किसी भी व्यक्ति की पहचान और दावों का सत्यापन करने के बाद ही भरोसा करने की अपील की है।
