Ajmer News: जयपुर/अजमेर। राजस्थान में भू-माफियाओं और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अजमेर में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के नेतृत्व में थाना कृष्णगंज पुलिस और अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) की संयुक्त टीम ने हिस्ट्रीशीटर एवं कथित भू-माफिया हाजी अलीम खान द्वारा सरकारी (Ajmer News)भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
नोटिस और अल्टीमेटम के बाद चला बुलडोजर
पुलिस के अनुसार आरपीएसी कॉलोनी क्षेत्र स्थित ग्राम नौसर के खसरा नंबर 101 की सरकारी भूमि पर आरोपी ने दुकानें, टीनशेड, चारदीवारी और अन्य पक्के निर्माण कर रखे थे। एडीए ने अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किए और अंतिम रूप से तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया था। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी कब्जा नहीं हटाए जाने पर संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए।
धोखाधड़ी के मामले में पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हाजी अलीम खान के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में उस पर सरकारी भूमि पर बनी दुकानों को फर्जी तरीके से बेचकर एक महिला से 42 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा था। इस मामले में सिविल लाइन थाना, अजमेर में बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान किया गया और आरोपी को 19 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा कि राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार अपराधियों, भू-माफियाओं और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण हटाने में आए खर्च की वसूली भी संबंधित आरोपी से की जाएगी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
