उत्तर कोरिया में सत्ता का सस्पेंस: क्या किम जोंग उन अपनी 13 वर्षीय बेटी को बनाएंगे उत्तराधिकारी?

3
North Korea Future Leader

North Korea Future Leader: प्योंगयांग। दुनिया के सबसे बंद और रहस्यमयी देशों में गिने जाने वाले उत्तर कोरिया में सत्ता को लेकर नई अटकलें तेज हो गई हैं। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, किम जोंग उन अपनी बेटी किम जू ऐ को औपचारिक रूप से उत्तराधिकारी घोषित कर सकते हैं।

अगर ऐसा होता है तो यह कदम न केवल उत्तर कोरिया की राजनीति में बड़ा बदलाव होगा, बल्कि सत्ता के समीकरणों में भी हलचल मचा सकता है। क्योंकि परिवार के भीतर ही एक और (North Korea Future Leader) मजबूत चेहरा मौजूद है—किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग।

क्या 14 साल की होते ही मिलेगी ताजपोशी?

रिपोर्ट्स के अनुसार, किम जू ऐ की उम्र अभी 13 साल है और जैसे ही वह 14 की होंगी, उन्हें आधिकारिक रूप से उत्तराधिकारी घोषित किया जा सकता है। दक्षिण कोरिया की नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि इस महीने उत्तर कोरिया में होने वाले बड़े राजनीतिक कार्यक्रम में भविष्य की नेतृत्व संरचना को लेकर अहम संदेश दिया जा सकता है।

संभावना जताई जा रही है कि उस मंच पर किम जू ऐ भी अपने पिता के साथ नजर आ सकती हैं।

सार्वजनिक मंच पर बढ़ती मौजूदगी

किम जू ऐ को पहली बार नवंबर 2022 में सार्वजनिक रूप से देखा गया था, जब वह एक लंबी दूरी की मिसाइल परीक्षण कार्यक्रम में अपने पिता के साथ पहुंचीं। इसके बाद से वह लगातार सैन्य परेड, हथियार फैक्ट्री दौरे और बड़े सरकारी आयोजनों में नजर आती रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सार्वजनिक उपस्थिति केवल पारिवारिक नहीं, बल्कि राजनीतिक संकेत भी हो सकती है।

किम यो जोंग: सत्ता का दूसरा मजबूत चेहरा

हालांकि फिलहाल किम जू ऐ के सामने कोई औपचारिक चुनौती नहीं है, लेकिन सत्ता के गलियारों में किम यो जोंग को बेहद प्रभावशाली माना जाता है। 38 वर्षीय किम यो जोंग को देश की दूसरी सबसे ताकतवर शख्सियत समझा जाता है।

वह कोरिया की वर्कर्स पार्टी की सेंट्रल कमेटी में वरिष्ठ पद पर हैं और कई मौकों पर अपने भाई के राजनीतिक फैसलों को प्रभावित करती रही हैं। सैन्य और कूटनीतिक मामलों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

परिवार के भीतर शक्ति संतुलन?

विश्लेषकों का मानना है कि अगर किम जू ऐ को उत्तराधिकारी घोषित किया जाता है तो शुरुआती वर्षों में असली सत्ता संरचना में किम यो जोंग की भूमिका और भी अहम हो सकती है। ऐसे में भविष्य में सत्ता संतुलन को लेकर परिवार के भीतर प्रतिस्पर्धा से इनकार नहीं किया जा सकता।

फिलहाल पूरी दुनिया की नजर उस राजनीतिक कार्यक्रम पर टिकी है, जहां किम जोंग उन देश के भविष्य की दिशा और संभवतः अपने उत्तराधिकारी को लेकर बड़ा संकेत दे सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here