आस्था पर चोट? महाशिवरात्रि की रात मंदिर में पुलिस-पुजारी भिड़ंत, मचा बवाल!

3
Tadkeshwar Mahadev Temple

Tadkeshwar Mahadev Temple: जयपुर। गुलाबी नगरी के प्रमुख आस्था केंद्र चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की पावन रात विवाद की भेंट चढ़ गई। देर रात मंदिर परिसर में पुजारी परिवार और माणक चौक थाना पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई, (Tadkeshwar Mahadev Temple)जिससे उत्सव का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

क्या हैं पुजारी परिवार के आरोप?

पुजारी परिवार और सेवादारों का आरोप है कि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के नाम पर पुलिसकर्मी मंदिर की मर्यादा का उल्लंघन करते हुए जूते पहनकर गर्भगृह तक पहुंच गए। जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई, तो कथित रूप से पुजारियों और श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई।

इस घटना से आक्रोशित होकर पुजारी और सेवक मंदिर चौक में धरने पर बैठ गए। इसका असर महाशिवरात्रि की चार प्रहर की महत्वपूर्ण पूजा पर भी पड़ा, जिससे श्रद्धालुओं में असंतोष फैल गया।

पुलिस का क्या कहना है?

मामले में माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया ने अलग पक्ष रखा है। उनके अनुसार, महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी थी। एएसआई सुरेश कुमार जब भीड़ को नियंत्रित कर रहे थे और श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने के लिए कह रहे थे, तब कुछ लोगों से कहासुनी हो गई।

पुलिस का दावा है कि इसी घटना के बाद पुजारियों ने विरोध स्वरूप कुछ समय के लिए पूजा रोक दी थी। हालांकि प्रशासन और मंदिर प्रबंधन के बीच बातचीत के बाद स्थिति को संभाल लिया गया।

विवाद के दौरान दूर-दराज से आए भक्त घंटों तक इंतजार करते रहे। कई श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई कि आस्था के सबसे बड़े पर्व पर ऐसी स्थिति नहीं बननी चाहिए थी।

संवेदनशील माहौल में बढ़ाई गई सतर्कता

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल प्रशासन मामले की पूरी जानकारी जुटा रहा है और दोनों पक्षों से बातचीत जारी है।

महाशिवरात्रि जैसे पवित्र अवसर पर हुए इस विवाद ने मंदिर प्रबंधन और पुलिस की समन्वय व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब नजर इस बात पर है कि प्रशासन भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए क्या कदम उठाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here