मामूली कहासुनी के बाद युवक पर फायरिंग, धौलपुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

3
Dholpur Crime News
Dholpur Crime News: धौलपुर। शहर के निहालगंज इलाके में बुधवार (11 फरवरी) देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जगन टॉकीज के पास अचानक फायरिंग की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि चार-पांच युवकों ने एक युवक को निशाना बनाकर गोली चला दी। (Dholpur Crime News)घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही निहालगंज थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।

मामूली कहासुनी से बढ़ा विवाद

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक का कुछ बच्चों के विवाद को लेकर एक अन्य युवक से विवाद हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले तो मामला शांत हो गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी युवक अपने 4-5 साथियों के साथ लौट आया और अचानक फायरिंग कर दी। हालांकि, इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। गोली चलने की आवाज से आसपास के दुकानदार और राहगीर सहम गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़, थाना प्रभारी अमित शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ भी की जा रही है।

आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए दबिश

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में इस तरह की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here