Line of Control India: गुलमर्ग सेक्टर के लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) से सटे ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और अत्यंत सर्द मौसम के बावजूद सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ पैदल गश्त करते नजर आए। गहराई तक जमी बर्फ, फिसलन भरे दुर्गम रास्ते और जानलेवा ठंड के बीच जवानों ने अपनी उच्च स्तरीय ऑपरेशनल तैयारी और सतर्कता का परिचय दिया है।
हाल के हफ्तों में LoC पर घुसपैठ की कोशिशों में इजाफे के( Line of Control India) इनपुट मिलने के बाद BSF ने अपनी निगरानी और सख्त कर दी है। सीमा पर 24×7 तैनाती के साथ फेंस और अग्रिम क्षेत्रों की कड़ी निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी साजिश को नाकाम किया जा सके। जवानों का लक्ष्य साफ है—जीरो इनफिल्ट्रेशन।
बर्फ, ठंड और खतरे… फिर भी नहीं डिगे हौसले
माइनस तापमान, स्नो ब्लाइंडनेस और फ्रॉस्टबाइट जैसे खतरों के बीच BSF जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। कई इलाकों में बर्फ की मोटी परतें हैं, जहां एक कदम भी भारी जोखिम के साथ उठाना पड़ता है। इसके बावजूद जवान हर हाल में सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैनात हैं। इस दौरान जवानों ने देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।
LoC के नजदीक जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों के इनपुट मिलने के बाद BSF ब्लैक कमांडोज ने आतंकवाद विरोधी सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया है। घने जंगल, सीमित मूवमेंट और बर्फ से ढके रास्तों के बावजूद जवान लगातार इलाके की गहन तलाशी ले रहे हैं। यह ऑपरेशन BSF की तत्परता और हर परिस्थिति में कार्रवाई की क्षमता को दर्शाता है।
पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा से बढ़ा पर्यटकों का भरोसा
गुलमर्ग और बोटापथरी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर BSF की मजबूत तैनाती से पर्यटकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है। यहां पहुंचे पर्यटकों ने कहा कि सुरक्षा बलों की मौजूदगी के चलते वे खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और बिना किसी चिंता के कश्मीर की खूबसूरती का आनंद ले पा रहे हैं।
आसपास के जंगलों में ब्लैक कमांडोज का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है, जो आतंकवाद रोधी अभियानों में सुरक्षा एजेंसियों के आपसी समन्वय और सतर्कता को दर्शाता है।
LoC की बर्फीली चोटियों से लेकर पर्यटन स्थलों तक BSF जवान हर मोर्चे पर डटे हुए हैं। सीमा की सुरक्षा और नागरिकों की शांति सुनिश्चित करने के लिए BSF का यह समर्पण देशभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का जीवंत उदाहरण है।

































































