Bishnoi Gang: मुंबई पुलिस के सूत्रों के अनुसार, एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मास्टरमाइंड जीशान अख्तर को कनाडा पुलिस ने डिटेन कर लिया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि जीशान फिलहाल कनाडा पुलिस की हिरासत में है।( Bishnoi Gang) जीशान अख्तर उर्फ मोहम्मद यासीन अख्तर मूल रूप से पंजाब के जालंधर का रहने वाला है। 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा इलाके में बाबा सिद्दीकी की हत्या के मुख्य षड्यंत्रकर्ताओं में उसका नाम शामिल था। वर्ष 2022 में पंजाब पुलिस ने उसे पहले भी गिरफ्तार किया था।
हत्या के पीछे की प्लानिंग
पुलिस इन्वेस्टिगेशन में सामने आया कि जीशान अख्तर ही हत्या में शामिल तीन शूटरों – धर्मराज कश्यप, गुरमेल बलजीत सिंह और शिवकुमार गौतम – का मुख्य हैंडलर था।
जालंधर की जेल में बंद रहते हुए जीशान अख्तर और गुरमेल सिंह के बीच इस हत्याकांड को लेकर बातचीत हुई थी। बाद में जीशान को दूसरी जेल में स्थानांतरित किया गया, लेकिन उससे पहले ही उसने साजिश का बीज बो दिया था।
बिश्नोई गैंग से गहरा संबंध
पुलिस की चार्जशीट के अनुसार, जीशान अख्तर लॉरेंस बिश्नोई का बेहद करीबी है। मई 2024 में जीशान और शुभम लोनकर को बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी दी गई थी। हत्या से पहले वे मुंबई से बाहर चले गए और पीछे से साजिश को अंजाम दिया।
पंजाब की जेल में रहते हुए ही जीशान अख्तर ने लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से संपर्क स्थापित किया। जेल से रिहा होने के बाद वह आरोपी गुरमेल से मिलने हरियाणा के कैथल गया और फिर धर्मराज, गुरमेल और शिवकुमार को मुंबई लाया।
शूटरों की व्यवस्था भी की
जीशान ने हत्या से पहले शूटरों के ठहरने और हथियारों की पूरी व्यवस्था की थी। हत्या के एक महीने पहले वह खुद मुंबई छोड़ चुका था।
अब पुलिस इस मामले में कनाडा पुलिस से आधिकारिक पुष्टि और प्रत्यर्पण को लेकर कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ रही है।