Shiv Jayanti 2026: जयपुर। सुबह की पहली किरणों के साथ जब वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ, तब प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, अर्जुन नगर (जयपुर) की ओर से 90वीं शिव जयंती के पावन अवसर पर प्रभात फेरी एवं शिव ध्वजारोहण का भव्य आयोजन किया गया। ( Shiv Jayanti 2026) इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को शांति, सकारात्मकता और आत्मचिंतन के भाव से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत महेश नगर स्थित माया देवी हॉस्पिटल के सामने बंशीवाल भाई के निवास पर आयोजित मुरली क्लास से हुई। इस अवसर पर जयंती दीदी ने मुरली के माध्यम से शिव बाबा का संदेश साझा करते हुए कहा कि जीवन में नकारात्मक विचारों को सकारात्मक में परिवर्तित करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही आत्मा को सशक्त और बलवान बनाता है। मुरली क्लास के पश्चात प्रभात फेरी निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई पटेल नगर तक पहुंची।
प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी बहनें, भाई एवं स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए। आध्यात्मिक गीतों और प्रेरणादायक संदेशों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर पदमा दीदी ने कहा कि विश्व कल्याण के लिए सबसे पहले स्वयं में परिवर्तन लाना आवश्यक है और अपनी सोच को सकारात्मक दिशा में मोड़ना समय की मांग है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर भावना दीदी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आत्मपरिवर्तन एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रतिज्ञा कराई। साथ ही शिव बाबा के संदेशों से युक्त गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर आध्यात्मिक संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। यह आयोजन शिव जयंती के मूल भाव को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने में सफल रहा।





























































