Yamuna Water MOU: सीकर। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को सीकर दौरे के दौरान राज्य सरकार और केंद्र पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में डोटासरा ने राजस्थान–हरियाणा यमुना जल समझौते के तहत हुए एमओयू पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए इसे सिर्फ “कागजी करार” करार दिया।
डोटासरा ने कहा कि इस एमओयू के तहत प्राथमिकता पहले हरियाणा को दी जाएगी और उसके बाद अगर दिसंबर से मई के बीच बरसाती पानी ओवरफ्लो हुआ, तभी राजस्थान को पानी मिल पाएगा। (Yamuna Water MOU) उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार अपने पूरे ढाई साल के कार्यकाल में शेखावाटी को यमुना जल की एक बूंद भी नहीं दे पाएगी।
धरातल पर न डीपीआर, न बजट
पीसीसी चीफ ने कहा, “आज तक जमीन पर कोई डीपीआर मौजूद नहीं है और न ही राजस्थान के लिए एक रुपया बजट जारी हुआ है।” उन्होंने 2011 की लक्ष्मणगढ़ इंदिरा गांधी नहर परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि 833 करोड़ रुपये की योजना 15 साल बाद भी अधूरी है, जिससे भाजपा सरकार की कथनी और करनी का फर्क साफ नजर आता है।
डोटासरा ने केंद्रीय बजट को लेकर भी तंज कसते हुए कहा कि उसमें राजस्थान के लिए एक रुपया तक का प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को आने वाले राजस्थान बजट में भी सरकार की मंशा साफ हो जाएगी।
कोचिंग रेगुलेशन बिल पर सरकार को घेरा
कोचिंग नियंत्रण बिल को लेकर भी कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि छह महीने बीत जाने के बावजूद न तो नियम बने और न ही कानून प्रभावी हो पाया। डोटासरा ने आरोप लगाया कि सरकार कोचिंग माफियाओं के दबाव में काम कर रही है और उसकी नीयत साफ नहीं है।





























































